सीआईएसएफ कांस्टेबल शायद कंगना के पुराने बयान से नाराज थी: मुख्यमंत्री मान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jun 2024 07:46 PM
सीआईएसएफ कांस्टेबल शायद कंगना के पुराने बयान से नाराज थी: मुख्यमंत्री मान
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत को कथित तौर पर थप्पड़ मारने वाली केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की महिला कांस्टेबल शायद किसान आंदोलन को लेकर भाजपा की नवनिर्वाचित सांसद के पिछले बयानों से नाराज थी.

मान ने “आतंकवाद” वाली टिप्पणी को लेकर कंगना पर भी निशाना साधा. हालांकि, उन्होंने कहा कि यह घटना नहीं होनी चाहिए थी.
पिछले सप्ताह चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ की महिला कांस्टेबल कुलविंदर कौर ने कंगना को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री की यह पहली प्रतिक्रिया थी. कौर किसान आंदोलन को लेकर कंगना के बयान से कथित तौर पर नाराज थी.

घटना को लेकर एक सवाल का जवाब देते हुए मान ने कहा, “देखिए, महिला कांस्टेबल के अंदर गुस्सा था. वह (कंगना) पहले भी इस तरह की बातें कह चुकी हैं.” कंगना का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि चाहे कोई फिल्म अभिनेत्री हो या सांसद, यह कहना गलत है कि पूरा पंजाब एक आतंकवादी राज्य है और राज्य में आतंकवाद है. उन्होंने देश के स्वतंत्रता संग्राम में पंजाब के योगदान को याद किया और कहा कि यह देश को भोजन उपलब्ध कराता है. मान ने कहा, “हर मुद्दे पर आप कहती हैं कि वे आतंकवादी और अलगाववादी हैं. अगर किसान विरोध प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें आतंकवादी कहा जाता है. यह गलत है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu