जम्मू कश्मीर के लोग भ्रष्टाचार, आतंकवाद और अलगाववाद से मुक्त सरकार की आस लगाए हुए हैं: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 28 Sep 2024 04:42 PM
जम्मू कश्मीर के लोग भ्रष्टाचार, आतंकवाद और अलगाववाद से मुक्त सरकार की आस लगाए हुए हैं: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

जम्मू: कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) को संविधान का सबसे बड़ा दुश्मन करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग शांति और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए ‘‘भ्रष्टाचार, आतंकवाद और अलगाववाद’’ से मुक्त सरकार की आस लगाए हुए हैं।
मोदी ने यहां एम ए एम स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ‘2016 में की गई सीमापार र्सिजकल स्ट्राइक’ का जिक्र किया और कहा, ‘‘आतंक के आका जानते हैं कि यदि वे कुछ गलत करेंगे तो मोदी उन्हें पाताल से भी ढूढ निकालेगा।’’ जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का तीसरा और आखिरी चरण एक अक्टूबर को है। इस चरण में जम्मू क्षेत्र की 40 और कश्मीर घाटी की 16 सीटों के लिए मतदान होगा।

मोदी ने रैली में दावा किया कि भाजपा के प्रति लोगों में जबर्दस्त उत्साह है। उन्होंने कहा, ‘‘ जम्मू-कश्मीर के लोग तीन परिवारों – कांग्रेस, एनसी और पीडीपी – के शासन के भुक्तभोगी रहे हैं व अब वे उन्हें वापस नहीं चाहते हैं।’’

प्रधानमंत्री ने करीब 45 मिनट के अपने भाषण में कहा, ‘‘ वे नौकरियों में भ्रष्टाचार एवं भेदभाव, आतंकवाद, अलगाववाद एवं रक्तपात नहीं चाहते हैं। इसके बजाय वे शांति और अपने बच्चों के लिए बेहतर भविष्य चाहते हैं।’’ मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग चाहते हैं कि भाजपा सरकार बनाए और पहले दो चरणों में भारी मतदान लोगों के मूड को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने जम्मू क्षेत्र के साथ भेदभाव किया। उन्होंने कहा, ‘‘ यह मंदिरों का शहर है। मौका मत बर्बाद कीजिए , भाजपा सरकार बनेगी और यह आपके सभी मुद्दों को हल करेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ यह चुनाव एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। पहले कांग्रेस, नेकां, पीडीपी नेता एवं उनके परिवार अपनी सरकारों से लाभान्वित हुए जबकि आपने बर्बादी झेली है।’’

मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘ कांग्रेस (आतंकवाद के कारण) पीढि़यों के नुकसान के लिए सबसे बड़ी जिम्मेदार पार्टी है। आजादी के समय से ही पार्टी की गलत नीतियों ने विरोधी ताकतों का हौसला बढ़ाया।’’ मोदी ने कहा कि जम्मू में सीमाओं पर संघर्षविराम उल्लंघन आम बात थी, क्योंकि ‘वे (कांग्रेस) उन्हें सफेद झंडे दिखाया करते थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा सरकार ने उनके दिमाग को ठिकाने पर लाने के लिए गोलियों का जवाब मोर्टार गोलों से दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज 28 सितंबर है और आप जानते हैं कि (2016 में) इसी दिन र्सिजकल स्ट्राइक हुई थी। भारत ने दुनिया को संदेश दिया था कि यह नया भारत है और यह घर में घुसकर मारता है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के ‘र्सिजकल स्ट्राइक’ करने के बाद कांग्रेस ने इसका सबूत मांगा था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसी पार्टी है जो ‘र्सिजकल स्ट्राइक’ पर पाकिस्तान की भाषा बोलती है। क्या आप कांग्रेस को ऐसी भाषा के लिए माफ करेंगे? कांग्रेस देश के लिए अपनी जान देने वालों का सम्मान नहीं करती है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि यह वही कांग्रेस है जिसने यह सोचकर सशस्त्र बलों से झूठ बोला कि ‘वन रैंक, वन पेंशन’ सरकारी खजाने पर बोझ होगा।

कांग्रेस पर ‘अर्बन नक्सलियों’ के प्रभाव में होने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जब बाहर से घुसपैठिए आते हैं, तो उन्हें अच्छा लगता है, क्योंकि वे उन्हें वोट बैंक के रूप में देखते हैं। लेकिन हमारे अपने लोगों की समस्याओं के लिए वे चुटकुले सुनाते हैं।’’

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस , नेकां और पीडीपी संविधान की सबसे बड़ी दुश्मन हैं। उन्होंने इन दलों पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को मताधिकार से ‘वंचित’ कर बी आर आंबेडकर के संविधान की भावना की गला घोंटने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा ने संविधान का सम्मान किया और इन भाइयों-बहनों – पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थियों, गोरखाओं और वाल्मीकि – को मतदान का अधिकार दिया, जिन्हें दूसरे दर्जे के नागरिक के रूप में रहने के लिए मजबूर किया गया था।’’

प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि इन दलों ने पंचायत एवं स्थानीय निकायों के चुनाव नहीं कराकर संविधान का उल्लंघन किया। मोदी ने महाराजा हरि ंिसह समेत महान डोगरा हस्तियों और स्वतंत्रता सेनानी भगत ंिसह को उनकी जयंती पर याद करते हुए अपना भाषण शुरू किया।

पिछले एक पखवाड़े में मोदी की यह तीसरी जम्मू-कश्मीर यात्रा और चौथी चुनावी रैली है। उन्होंने पहले चरण के चुनाव से चार दिन पहले 14 सितंबर को डोडा जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित किया था । उन्होंने दूसरे चरण के चुनाव से पहले 19 सितंबर को श्रीनगर और कटरा में दो अन्य रैलियां की थीं। तीसरे चरण के लिए जोर-शोर से जारी प्रचार रविवार शाम को समाप्त हो जाएगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav