हरियाणा को लेकर सभी एग्जिट पोल गलत साबित हुए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Oct 2024 08:24 PM
हरियाणा को लेकर सभी एग्जिट पोल गलत साबित हुए

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले आए सभी एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) के अनुमान मंगलवार को गलत साबित हुए क्योंकि इनमें भारतीय जनता पार्टी की हार और कांग्रेस की जीत की संभावना जताई गई थी, जबकि असल नतीजे इसके उलट रहे. दूसरी तरफ, जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव का परिणाम कई एग्जिट पोल के अनुमानों के मुताबिक रहा.

गत पांच अक्टूबर को हरियाणा में मतदान के बाद सभी एग्जिट पोल ने संभावना जताई थी कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना सकती है तथा 10 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता से विदाई हो सकती है. हरियाणा में मंगलवार को असल नतीजे आने के बाद भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ और लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है.

दूसरी तरफ, अधिकतर एग्जिट पोल ने जम्मू-कश्मीर में खंडित जनादेश का अनुमान व्यक्त किया था, हालांकि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन को बढ़त मिलने की संभावना भी जताई गई थी. कुछ एग्जिट पोल ने इस गठबंधन को बहुमत के करीब दिखाया था.
‘रिपब्लिक-मैट्रिज’ के एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस को 55-62 सीट तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 18-24 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था.

इस सर्वेक्षण में यह भी कहा गया था कि इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) को तीन से छह तथा जननायक जनता पार्टी (जजपा) को शून्य से तीन सीट मिल सकती हैं तथा अन्य के खाते में दो से पांच सीट जा सकती हैं. ‘इंडिया टुडे-सी वोटर’ के एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस को 50-58 सीट मिलने और भाजपा को 20-28 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था.

‘एक्सिस माय इंडिया-द रेड माइक’ के एग्जिट पोल का अनुमान था कि हरियाणा में कांग्रेस 53-65 सीट हासिल करके 10 साल बाद सत्ता में वापसी कर सकती है. वहीं, भाजपा को 18-28 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था. इनेलो-बसपा गठबंधन को एक से पांच सीट मिलने की संभावना जताई गई थी. ‘पीपुल्स पल्स’ के एग्जिट पोल ने हरियाणा में कांग्रेस को 49-60 सीट और भाजपा को 20-32 सीट दी थीं.

‘दैनिक भास्कर’ के सर्वेक्षण में कहा गया था कि हरियाणा में कांग्रेस को 44-54 सीट तथा भाजपा को 19-29 सीट मिल सकती हैं. इनेलो को एक से पांच तथा अन्य को चार से छह सीट मिलने का अनुमान था. ‘इंडिया टुडे-सी वोटर’ के एग्जिट पोल में कहा गया था कि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस का गठबंधन जम्मू-कश्मीर में बहुमत के करीब पहुंच सकता है. इस गठबंधन को 40-48 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था तथा भाजपा के खाते में 27-32 सीट जाने की संभावना जताई गई थी. पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) को छह से आठ सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया था.

‘एक्सिस माय इंडिया-द रेड माइक’ के एग्जिट पोल में कहा गया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन को 35-45 सीट मिल सकती हैं तथा भाजपा के खाते में 24-34 सीट जा सकती हैं. पीडीपी को चार से छह, सांसद इंजीनियर रशीद की अवामी इत्तेहाद पार्टी को तीन से आठ सीट मिलने की संभावना जताई गई थी.

‘रिपब्लिक-मैट्रिज’ के एग्जिट पोल में कहा गया था कि जम्मू कश्मीर में भाजपा को 28-30 सीट मिल सकती हैं तथा नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन के खाते में 31-36 सीट जा सकती हैं. इस सर्वेक्षण में पीडीपी को पांच से सात तथा अन्य को आठ से 16 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया था.

‘दैनिक भास्कर’ के सर्वेक्षण में संभावना जताई गई थी कि जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन को 35 से 40 और भाजपा को 20-25 सीट मिल सकती हैं. इसमें पीडीपी को चार से सात और अन्य को 12-16 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था.
‘पीपुल्स पल्स’ ने अपने सर्वेक्षण में नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन को 46-50 सीट मिलने का अनुमान जताया था. उसके सर्वेक्षण में कहा गया था कि भाजपा को 23-27 सीट मिल सकती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu