कश्मीर: लापता ‘टेरिटोरियल आर्मी’ के जवान का शव मिला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Oct 2024 09:15 PM
कश्मीर: लापता ‘टेरिटोरियल आर्मी’ के जवान का शव मिला

ऑडियो सुनें

श्रीनगर. सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले से लापता एक सैनिक का बुधवार को गोलियों से छलनी शव बरामद किया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी है. अधिकारियों ने बताया कि ‘टेरिटोरियल आर्मी’ के जवान हिलाल अहमद भट मंगलवार को शाह इलाके से लापता हो गए थे. अनंतनाग के उतरासू इलाके के सांगलान वन क्षेत्र से उनका शव बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि शव को चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरा करने के लिए अस्पताल ले जाया गया है. सुरक्षा बलों ने जवान की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया था.

श्रीनगर स्थित सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”खुफिया जानकारी के आधार पर आठ अक्टूबर को भारतीय सेना ने पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर कोकेरनाग के कजवान जंगल में एक संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया. ‘टेरिटोरियल आर्मी’ के एक जवान के लापता होने की सूचना के बीच रात भर यह अभियान जारी रहा.

जवान की हत्या की खबर से गम में डूबा अनंतनाग का नौगाम

सेना के जवान हिलाल अहमद भट की हत्या की खबर मिलने के बाद बुधवार को अनंतनाग के नौगाम गांव में शोक व्याप्त हो गया. जवान के एक पड़ोसी ने बताया कि छुट्टी के बाद मंगलवाार को जब भट ड्यूटी पर वापस जा रहे थे तब आतंकवादियों ने उन्हें अगवा कर लिया था. मोहम्मद शफी ने कहा, ”पूरे गांव में शोक व्याप्त है… हिलाल एक अच्छा इंसान था.” भट के परिवार में उनकी पत्नी, पांच साल का बेटा अजान और एक छोटी बेटी हैं. शफी ने बताया कि सैनिक अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए छुट्टी पर घर आया था.

उन्होंने कहा, ”मंगलवार को उन्हें काम पर वापस पहुंचना था, लेकिन बाद में हमें पता चला कि रास्ते में उनका अपहरण कर लिया गया है.” उन्होंने कहा, ”मैं सरकार से अपील करता हूं कि वह उनके परिवार का विशेष ध्यान रखे क्योंकि उन्होंने आजीविका कमाने वाला सदस्य खो दिया है. सेना के अनुसार, सुरक्षा बलों ने बुधवार को अनंतनाग के उतरासू इलाके के सांगलान जंगल से भट का गोलियों से छलनी शव बरामद किया.

भट के बचपन के दोस्त जुनैद भट को इस घटना से व्यथित हैं. उन्होंने कहा, ”मुझे नहीं पता कि उनका अपहरण क्यों किया गया और उनकी हत्या क्यों की गई. हम साथ-साथ बड़े हुए….वह बहुत अच्छे इंसान थे.” जवान के लापता होने की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को उसे बचाने के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu