बेंगलुरु. फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में बेंगलुरु के निकट 10 और पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. उसने बताया कि इसके साथ ही बेंगलुरु के बाहरी इलाके जिगानी में अवैध रूप से रहने के सिलसिले में पुलिस द्वारा पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिकों की कुल संख्या 17 हो गई है.
पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां परवेज नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद हुई हैं, जिसने कथित तौर पर 22 पाकिस्तानी नागरिकों को हिंदू नामों के साथ बेंगलुरु और कर्नाटक के अन्य भागों में बसने में मदद की थी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”मंगलवार को जिगानी क्षेत्र (बेंगलुरु के पास) से छह महिलाओं सहित 10 पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया. उन्हें फर्जी और जाली दस्तावेजों पर भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.” उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से कुछ हिंदू नाम का इस्तेमाल कर रहे थे, जबकि अन्य ने अपने मूल नाम नहीं बदले.