भाजपा नेता जनता से ‘कट’ गए हैं : प्रियंका गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Nov 2024 10:18 PM
भाजपा नेता जनता से ‘कट’ गए हैं : प्रियंका गांधी
ऑडियो सुनें

वायनाड. कांग्रेस महासचिव और वायनाड लोकसभा उपचुनाव में यूडीएफ उम्मीदवार प्रियंका गांधी ने रविवार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना तेज करते हुए आरोप लगाया कि इसके नेता लोगों से ”कट” गए हैं. नाइकेटी इलाके में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने अपनी दादी एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और आदिवासी समुदायों के साथ उनके करीबी जुड़ाव को याद किया.

प्रियंका ने कहा, ”आप में से जो लोग बड़ी उम्र के हैं, वे मेरी दादी इंदिरा गांधीजी के भारत के आदिवासी लोगों के साथ उनके गहरे सम्मान और जुड़ाव को याद कर सकते हैं.” उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने हमेशा आदिवासी लोगों के जल, जंगल और जमीन से जुड़ाव पर जोर दिया था. उन्होंने कहा, ”इसी समझ के साथ इंदिरा गांधी ने आदिवासी लोगों के अधिकारों के लिए बहुत कुछ किया.” प्रियंका ने संप्रग सरकार की वन अधिकार अधिनियम, मनरेगा और शिक्षा का अधिकार जैसी पहलों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनका उद्देश्य सबसे गरीब लोगों की मदद करना है.

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियों से केवल कुछ लोगों को ही लाभ होता है और पार्टी अपनी ”नकारात्मक” राजनीति के माध्यम से इन अधिकारों पर हमला कर रही है.उन्होंने आरोप लगाया, ”भाजपा नेता जनता से कटे हुए हैं.” प्रियंका ने अपने भाषण की शुरुआत मलयालम में की और मौजूद लोगों का अभिवादन किया. आम चुनाव में रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र से जीत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा वायनाड सीट खाली करने के कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है. इस सीट पर 13 नवंबर को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu