फडणवीस को लेकर शिंदे के ‘नखरे’ के पीछे ‘दिल्ली में बैठी महाशक्ति’ : राउत ने भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 03 Dec 2024 07:00 PM
फडणवीस को लेकर शिंदे के ‘नखरे’ के पीछे ‘दिल्ली में बैठी महाशक्ति’ : राउत ने भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधा

ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने स्पष्ट रूप से भाजपा नेतृत्व की ओर इशारा करते हुए मंगलवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ”दिल्ली में बैठी महाशक्ति” के समर्थन से भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को लेकर ”नखरे” और नाराजगी दिखा रहे हैं.

नयी दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए राउत ने महाराष्ट्र में सरकार गठन में हो रही देरी को अराजकतापूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए 10 दिन से अधिक हो गए हैं, लेकिन किसी भी पार्टी या गठबंधन ने न तो सरकार बनाने का दावा पेश किया है और न ही अपने विधायकों की सूची दी है. राउत ने कहा कि राज्यपाल ने अभी तक किसी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया है, लेकिन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने शपथ ग्रहण की तारीख घोषित कर दी है, जो आजाद मैदान में होगी.

राज्यसभा सदस्य ने कहा, ”मुझे लगता है कि एकनाथ शिंदे के नखरे और देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ नाराजगी के पीछे दिल्ली में बैठी कोई ‘महाशक्ति’ है. महाशक्ति के समर्थन के बिना एकनाथ शिंदे ऐसा कुछ करने की हिम्मत नहीं कर सकते. दिल्ली में सत्ता में बैठे लोगों को नखरे दिखाने की हिम्मत किसी में नहीं है.” महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 132 सीट जीती हैं, ऐसे में फडणवीस को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे देखा जा रहा है. भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के महायुति गठबंधन द्वारा 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट जीतने के बावजूद, राज्य में सरकार का गठन होना बाकी है.

By Yogesh Kumar Sahu