तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी बोले,‘‘2025 का साल महत्वपूर्ण, भाजपा को संविधान बदलने नहीं देंगे

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 27 Jan 2025 01:58 PM
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी बोले,‘‘2025 का साल महत्वपूर्ण, भाजपा को संविधान बदलने नहीं देंगे
ऑडियो सुनें

इंदौर: केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संविधान बदलने का ‘‘छिपा एजेंडा’’ चलाने का आरोप लगाते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सोमवार को कहा कि भाजपा के इस कथित मंसूबे को पूरी ताकत से नाकाम किया जाएगा।

रेड्डी, डॉ. बीआर आम्बेडकर की जन्मस्थली महू में “जय बापू-जय भीम-जय संविधान” रैली में शामिल होने आए थे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘संविधान को बदलने की कोशिश की जा रही है। वे (भाजपा) जितनी ताकत से संविधान बदलने की कोशिश करेंगे, हम उतनी ताकत से संविधान बचाने की कोशिश करेंगे। इसलिए हम आज महू में जमा हुए हैं।’’ तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आम्बेडकर, संविधान और आरक्षण व्यवस्था का मखौल उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ दल का यह रुख देश के लिए उचित नहीं है।

रेड्डी ने दावा किया कि संविधान बदलने और आरक्षण व्यवस्था को रद्द करने की कोशिशों के तहत भाजपा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों में 400 सीट जीतना चाहती थी। उन्होंने कहा, “..लेकिन जागरूक मतदाताओं ने भाजपा को केवल 240 लोकसभा सीट दीं। तब से वे (भाजपा) हैरान हैं क्योंकि वे संविधान बदलने का अपना छिपा एजेंडा लागू नहीं कर सके। इसलिए 2025 का साल महत्वपूर्ण है और हम पूरी ताकत से एकजुट हैं।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital