लालू बिहार की सत्ता में लौटने का सपना देख रहे हैं, लेकिन परिवार को संभाल ही नहीं पा रहें: गिरिराज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 07:58 PM
लालू बिहार की सत्ता में लौटने का सपना देख रहे हैं, लेकिन परिवार को संभाल ही नहीं पा रहें: गिरिराज
ऑडियो सुनें

रांची. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राज्य की सत्ता में लौटने का सपना देख रहे हैं, लेकिन अपना परिवार संभाल ही नहीं पा रहे हैं. सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार में फिर से सरकार बनाएगा.

केंद्रीय मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”लालू प्रसाद बिहार चुनाव जीतने के लिए ‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने’ देख रहे हैं, लेकिन अपने परिवार को संभाल ही नहीं पा रहे हैं. उनके एक बेटे ने बगावत कर दी है. आने वाले दिनों में राजग फिर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सरकार बनाएगा.” सिंह आपातकाल की 50वीं बरसी पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे.

बाद में, संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सिंह ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की थी.
उन्होंने झारखंड सरकार पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया. सिंह ने आरोप लगाया, ”झारखंड विस्फोटकों के ढेर पर बैठा हुआ है, जो बांग्लादेशी घुसपैठिये हैं. जहां पूरे देश में घुसपैठियों का पता लगाया जा रहा है, वहीं झारखंड में उनका स्वागत किया जा रहा है.” उन्होंने दावा किया कि राज्य की आदिवासी आबादी तेजी से घट रही है.

उन्होंने कहा, ”आदिवासियों के बिना झारखंड की कोई पहचान नहीं है. आज के युवाओं को आदिवासियों और झारखंड के अस्तित्व को बचाने के लिए आंदोलन शुरू करना होगा.” सिंह ने राज्य सरकार से पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम, जिसे आमतौर पर ‘पेसा’ अधिनियम के रूप में जाना जाता है, को जल्द से जल्द लागू करने का भी आग्रह किया. अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी समुदायों के अधिकारों को मान्यता देने वाला पेसा अधिनियम 1996 में लागू किया गया था. हालांकि, राज्य में यह कानून अब तक लागू नहीं हुआ है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu