पंजाब: लुधियाना पश्चिम से नवनिर्वाचित विधायक अरोड़ा बने कैबिनेट मंत्री, धालीवाल को हटाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Jul 2025 08:14 PM
पंजाब: लुधियाना पश्चिम से नवनिर्वाचित विधायक अरोड़ा बने कैबिनेट मंत्री, धालीवाल को हटाया गया
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिछले तीन वर्ष में सातवां मंत्रिमंडल फेरबदल करते हुए लुधियाना पश्चिम से नवनिर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा को बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री बनाया जबकि कुलदीप सिंह धालीवाल को हटा दिया गया.
धालीवाल के इस्तीफे के बाद अरोड़ा को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है. धालीवाल का एनआरआई मामलों का विभाग नवनिर्वाचित विधायक को सौंप दिया गया है.

अरोड़ा को उद्योग एवं वाणिज्य तथा निवेश प्रोत्साहन विभाग भी दिया गया है, जो पहले तरुणप्रीत सिंह सोंड के पास था. अब तरुणप्रीत सिंह सोंड के पास पर्यटन एवं संस्कृति मामले, श्रम, आतिथ्य तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग हैं. अरोड़ा के शामिल होने और धालीवाल के इस्तीफे के बाद मान मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 16 ही रही. पंजाब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 18 मंत्री हो सकते हैं.

सोशल मीडिया पर इस्तीफे की खबर आने के बाद अजनाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक धालीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ”पंजाब के लोगों के कल्याण के लिए मेरी मेहनत जारी है.” बाद में, धालीवाल ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री मान को इस्तीफा दे दिया क्योंकि उन्हें बताया गया था कि किसी और को मंत्री बनाया जाएगा.

धालीवाल ने कहा कि उन्हें यह भी बताया गया था कि उन्हें कोई और काम दिया जाएगा, हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि वह आम आदमी पार्टी के वफादार सिपाही हैं. वह दिसंबर 2015 में ‘आप’ में शामिल हुए थे. जुलाई 2022 में मान सरकार ने पहली बार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया था तब धालीवाल मंत्री बने थे. उन्हें कृषि और ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग सौंपे गए थे. इस बीच मुख्यमंत्री मान ने अरोड़ा को मंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं.

मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “संजीव अरोड़ा जी को उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, एनआरआई मामलों के विभागों की जिम्मेदारी दी गई है. मुझे उम्मीद है कि संजीव अरोड़ा पंजाब के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे. वह पंजाब के विकास और राज्य के तीन करोड़ लोगों के कल्याण के लिए पूरी ईमानदारी और बिना किसी भेदभाव के काम करेंगे.” अरोड़ा ने उनपर विश्वास जताने के लिए मुख्यमंत्री मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के प्रति आभार व्यक्त किया और वादा किया कि वह अपनी नयी जिम्मेदारी को ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे.

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने यहां राजभवन में आयोजित समारोह में अरोड़ा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
इस अवसर पर मान, कैबिनेट मंत्री और कई अन्य नेता मौजूद थे. अरोड़ा 19 जून को लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों के अंतर से हराकर विधायक चुने गए थे. ‘आप’ विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की जनवरी में मृत्यु होने के बाद उपचुनाव हुआ था.

केजरीवाल ने उपचुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि अगर अरोड़ा विधायक चुने जाते हैं तो उन्हें मंत्री बनाया जाएगा. आप सरकार ने अपना पिछला मंत्रिमंडल फेरबदल पिछले वर्ष सितंबर में किया था. तब उसने चार मंत्रियों को हटाने के बाद पांच नए मंत्रियों को शामिल किया था. अरोड़ा (61) लुधियाना के उद्योगपति हैं और समाज कल्याण कार्यों के लिए भी जाने जाते हैं. वह ‘कृष्ण प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट’ के भी संचालक हैं. अरोड़ा 2022 में पंजाब से राज्यसभा सदस्य बने थे. मंगलवार को उन्होंने उच्च सदन से अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को सौंप दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu