पीएम ओली ने दिया इस्तीफा: राष्ट्रपति-PM के घर में आगजनी; काठमांडू से हवाई सेवा बंद

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 09 Sep 2025 08:20 PM
पीएम ओली ने दिया इस्तीफा: राष्ट्रपति-PM के घर में आगजनी; काठमांडू से हवाई सेवा बंद
ऑडियो सुनें

काठमांडू: नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बीच पीएम केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे एक दिन पहले युवाओं के हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में करीब 20 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।

ओली के इस्तीफे पर युवाओं में खुशी की लहर

नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘हम बहुत खुश हैं कि नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है।’

काठमांडू कलिंग साहित्य महोत्सव स्थगित

नेपाल की राजधानी में मौजूदा हालात को देखते हुए चौथे काठमांडू कलिंग साहित्य महोत्सव को स्थगित कर दिया गया है, आयोजकों ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। सोमवार को सोशल मीडिया साइटों पर सरकारी प्रतिबंध के खिलाफ काठमांडू और कुछ अन्य स्थानों पर युवाओं द्वारा किए गए हिंसक विरोध प्रदर्शनों में कम से कम 19 लोग मारे गए और 300 से ज़्यादा घायल हो गए।

आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम 13 और 14 सितंबर को काठमांडू में होना था। उन्होंने बताया कि बानू मुश्ताक, दीपा भाष्थी और बासुदेव त्रिपाठी सहित 60 से ज़्यादा भारतीय और 200 नेपाली लेखक इस महोत्सव में शामिल होने वाले थे। कलिंग साहित्य महोत्सव की निदेशक रश्मि रंजन परिदा ने कहा कि यह आयोजन अब 14 और 15 फरवरी, 2026 को होगा। भुवनेश्वर स्थित आयोजकों द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि सोशल मीडिया साइटों पर प्रतिबंध को लेकर काठमांडू में हुई हिंसा को देखते हुए इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। इसमें कहा गया है कि इस समय महोत्सव का आयोजन न तो उचित होगा और न ही सम्मानजनक।

नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल का इस्तीफा

नेपाल के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री प्रदीप पौडेल ने जेनरेशन जेड के विरोध प्रदर्शनों से निपटने के सरकार के तरीके पर अपनी असहमति जताते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एक फेसबुक पोस्ट के जरिए अपने फैसले की घोषणा करते हुए, पौडेल ने लिखा कि युवा पीढ़ी ने सिर्फ सुशासन, जवाबदेही और न्याय की मांग की थी, लेकिन इसके बजाय उन्हें सरकारी दमन और गोलीबारी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘देश का बेहतर भविष्य चाहने वाले युवाओं को गोली मारना उचित नहीं ठहराया जा सकता।’ नेपाली कांग्रेस के एक केंद्रीय नेता पौडेल ने कहा कि उनकी अंतरात्मा उन्हें ऐसी परिस्थितियों में मंत्रिमंडल में बने रहने की इजाजत नहीं देती। उनका इस्तीफा देश भर में तेज होते विरोध प्रदर्शनों के बीच आया है, जिसमें कई प्रदर्शनकारी पहले ही अपनी जान गंवा चुके हैं।

त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द

नेपाल में त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। टीआईए के महाप्रबंधक हंसराज पांडे ने बताया कि कोटेश्वर के पास धुएं के गुबार के बाद दोपहर 12:45 बजे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोक दी गई हैं। उन्होंने कहा, ‘हवाई अड्डा बंद नहीं है। हम इसे बंद भी नहीं करेंगे।’ चालक दल के सदस्य आवाजाही में समस्या के कारण हवाई अड्डे तक नहीं पहुंच पाए, जिससे उड़ानें उड़ान नहीं भर सकीं। बुद्ध एयर समेत घरेलू एयरलाइनों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

नेपाल में विद्रोहियों के नेता से प्रधानमंत्री बने ओली राजनीतिक स्थिरता देने में हुए नाकाम

नेपाल में के. पी. शर्मा ओली ने 2024 में तीसरी बार सत्ता संभालते समय देश में राजनीतिक स्थिरता आने की उम्मीद जगाई थी लेकिन सोशल मीडिया पर पाबंदी और भ्रष्टाचार के खिलाफ युवाओं के जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन के कारण प्रधानमंत्री पद से उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा. विरोध प्रदर्शन के परिणामस्वरूप पुलिस गोलीबारी में कम से कम 19 लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए हैं.

ओली (73) को चीन समर्थक रुख रखने के लिए जाना जाता है. उनके इस्तीफे ने नेपाल को एक बार फिर राजनीतिक अस्थिरता की ओर धकेल दिया है, जहां पिछले 17 वर्षों में 14 सरकारें रही हैं. अपने मित्र रहे पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ का साथ छोड़ने और प्रतिद्वंद्वी से मित्र बने शेर बहादुर देउबा के साथ हाथ मिलाने के बाद जुलाई 2024 में ओली सत्ता में आए थे. देउबा प्रतिनिधि सभा में सबसे बड़ी पार्टी – नेपाली कांग्रेस – का नेतृत्व कर रहे थे.

सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष ओली ने ‘प्रचंड’ को छोड़कर नेपाली कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार बनाने के अपनी पार्टी के फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि देश में राजनीतिक स्थिरता और विकास बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है. ओली, जो किशोरावस्था में एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में राजनीति में शामिल हुए और अब समाप्त हो चुकी राजशाही का विरोध करने के लिए 14 साल जेल में बिताए थे, अक्टूबर 2015 में पहली बार नेपाल के प्रधानमंत्री बने थे. उनके 11 महीने के कार्यकाल के दौरान, काठमांडू के नयी दिल्ली के साथ संबंध तनावपूर्ण रहे थे.

उन्होंने नेपाल के आंतरिक मामलों में कथित हस्तक्षेप के लिए भारत की सार्वजनिक रूप से आलोचना की और नयी दिल्ली पर उनकी सरकार गिराने का आरोप लगाया. हालांकि, उन्होंने दूसरे कार्यकाल के लिए पदभार ग्रहण करने से पहले आर्थिक समृद्धि की राह पर आगे बढ़ने को लेकर भारत के साथ साझेदारी करने का वादा किया था. ओली फरवरी 2018 में दूसरी बार प्रधानमंत्री बने, जब सीपीएन (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) और ‘प्रचंड’ के नेतृत्व वाली सीपीएन (माओइस्ट सेंटर) के गठबंधन ने 2017 के चुनावों में प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल किया. उनकी जीत के बाद, मई 2018 में दोनों दलों का औपचारिक रूप से विलय हो गया.

अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान, ओली ने दावा किया कि नेपाल के राजनीतिक मानचित्र को फिर से तैयार करने और उसमें रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण तीन भारतीय क्षेत्रों (लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा) को उनकी सरकार द्वारा शामिल किये जाने के बाद, उन्हें अपदस्थ करने के प्रयास किये गए. बाईस फरवरी 1952 को पूर्वी नेपाल के तेरहथुम जिले में जन्मे ओली, मोहन प्रसाद और मधुमाया ओली की सबसे बड़ी संतान हैं. उनकी मां की चेचक से मृत्यु के बाद उनकी दादी ने उनका पालन-पोषण किया.

उन्होंने नौवीं कक्षा में ही स्कूल छोड़ दिया और राजनीति में आ गए. हालांकि, बाद में उन्होंने जेल से मानविकी विषयों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई की. उनकी पत्नी, रचना शाक्य, भी एक कम्युनिस्ट कार्यकर्ता हैं. ओली ने 1966 में राजा के प्रत्यक्ष शासन के तहत निरंकुश पंचायत प्रणाली के खिलाफ लड़ाई में शामिल होकर एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था. वह फरवरी 1970 में नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हुए. पार्टी की सदस्यता लेने के तुरंत बाद भूमिगत हो गए. उसी वर्ष, उन्हें पंचायत सरकार ने पहली बार गिरफ़्तार किया.

1971 में, उन्होंने झापा विद्रोह का नेतृत्व संभाला, जिसकी शुरुआत जिले के जमींदारों का सिर कलम करके की गई थी. ओली नेपाल के उन गिने-चुने राजनीतिक नेताओं में से एक हैं जिन्होंने कई साल जेल में बिताए. वह 1973 से 1987 तक लगातार 14 साल जेल में रहे.
जेल से रिहा होने के बाद, वह यूएमएल की केंद्रीय समिति के सदस्य बने और 1990 तक लुम्बिनी क्षेत्र के प्रभारी रहे. पंचायत शासन को गिराने वाले वर्ष 1990 के लोकतांत्रिक आंदोलन के बाद ओली ने देश में लोकप्रियता हासिल की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital