वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे के मैच में 84 गेंद पर 190 रन बनाए

रांची: भारतीय क्रिकेट की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपने कौशल का अद्भुत नजारा पेश करते हुए बुधवार को यहां बिहार की तरफ से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ विजय हजारे प्लेट ग्रुप मैच में 84 गेंदों में 190 रन बनाए, जिसमें 15 छक्के शामिल हैं।

इस 14 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने अरुणाचल प्रदेश के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
सूर्यवंशी ने केवल 36 गेंदों में शतक पूरा किया। इस तरह से वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर काबिज हो गए हैं। भारतीय रिकॉर्ड पंजाब के अनमोलप्रीत ंिसह के नाम है, जिन्होंने 2024 में इसी टीम के खिलाफ 35 गेंदों में शतक बनाया था।

सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 15 छक्कों के अलावा 16 चौके भी जड़े। उन्होंने यह कारनामा यूएई में पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में मिली हार से केवल तीन दिन के बाद किया। इस प्रारूप में सबसे तेज शतक का विश्व रिकॉर्ड आॅस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर मैकगर्क (29 गेंद) के नाम पर दर्ज है।

उन्होंने 2023-24 के सत्र में दक्षिण आॅस्ट्रेलिया की तरफ से खेलते हुए तस्मानिया के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (31 गेंद) के नाम पर है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग में यह कारनामा किया था। सूर्यवंशी के नाम अब सबसे कम उम्र में लिस्ट ए शतक लगाने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button