देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे रही कांग्रेस

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 16 Jul 2026 04:10 PM
देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे रही कांग्रेस
ऑडियो सुनें

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के शुक्रवार को प्रस्तावित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बृहस्पतिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं से जुड़े लोगों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

गोदियाल ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के बाद कहा कि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे शाम पांच बजे राहुल गांधी के विचार सुनने के लिए तय समय पर यहां जरूर पहुंचे। गोदियाल ने कहा कि देशभर में राहुल गांधी के विचारों का लोगों पर मंत्रों की तरह असर हो रहा है, जिससे भाजपा की सरकार डरी हुई है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि देहरादून में भी कार्यक्रम में बाधा डालने की पूरी कोशिश की गयी थी लेकिन राज्य सरकार के पास वह नैतिक बल नहीं रहा कि कांग्रेस नेता गांधी और जनता के बीच अवरोध लगा सकें। राहुल गांधी का विद्यार्थियों के साथ संवाद का यह कार्यक्रम पहले परेड ग्राउंड में होना था, जिसके लिए प्रशासन से अनुमति ले ली गयी थी।

गोदियाल ने हालांकि बताया था कि प्रशासन ने मैदान में पहले से जारी एक कार्यक्रम का विस्तार 17 जुलाई तक हो जाने का बहाना बनाकर राज्य सरकार के दबाव में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति को रद्द कर दिया। उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को देहरादून में बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित किये जाने की भी घोषणा की थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav