सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के लोकप्रिय डांस रियलिटी शो (TV Dance Show) ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का धमाकेदार समापन हो गया है। महीनों तक चले इस रोमांचक सफर और ‘इंडिया वाला डांस’ की थीम पर एक से बढ़कर एक शानदार परफॉर्मेंस देने के बाद, आखिरकार रायपुर के डांसर रितेश पाल ने अपने कोरियोग्राफर प्रतीक उटेकर के साथ इस सीजन की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
आइए जानें, रितेश पाल कौन हैं?
शुरुआत से ही रितेश पाल का सफर उनके अटूट जुनून और डांस स्टाइल के लिए जाना गया। उन्होंने पूरे सीजन के दौरान अपनी सीमाओं को चुनौती दी और खुद को एक बेहतरीन परफॉर्मर के रूप में साबित किया। अपनी बेहतरीन डांस स्टाइल और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने शो के दौरान तीन बार ‘बैटल ट्रॉफी’ भी जीती। इस सफर ने उन्हें अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर डांस के नए-नए फॉर्म्स आजमाने का मौका दिया।
कड़े मुकाबले के बीच बने विनर
‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का ग्रैंड फिनाले बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला रहा। रितेश पाल और उनके गुरु प्रतीक उटेकर ने फिनाले में अन्य फाइनलिस्ट दिपाली बोरकर, प्रथमेश माने, अंशिका धारा और गीतांजलि मारवाह को कड़ी चुनौती दी। हर राउंड में अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रितेश और प्रतीक की जोड़ी ने जजों के साथ-साथ दर्शकों का दिल जीत लिया और विजेता बनकर उभरे।
सितारों से सजी रही ग्रैंड फिनाले की शाम
ग्रैंड फिनाले का आयोजन सितारों से सजी एक यादगार शाम रहा। इस मौके पर शो के मुख्य जज करिश्मा कपूर, जावेद जाफरी, गीता कपूर और टेरेंस लुईस मौजूद थे, जिन्होंने पूरे सीजन सभी कंटेस्टेंट्स को बेहतरीन मार्गदर्शन दिया। इवेंट की रौनक उस समय और बढ़ गई जब बॉलीवुड स्टार जैकी श्रॉफ के साथ-साथ स्पेशल गेस्ट के तौर पर तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने शिरकत की। सभी ने फाइनलिस्ट के साथ मिलकर इस शानदार सीजन का जश्न मनाया।
जीत पर क्या बोले विनर रितेश पाल?
ट्रॉफी जीतने के बाद खुशी जाहिर करते हुए रितेश पाल ने कहा, “डांस हमेशा से मेरी जिंदगी और जुनून रहा है। ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ का खिताब जीतना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। जजों करिश्मा मैम, जावेद सर, टेरेंस सर और खास तौर से गीता मां का मार्गदर्शन मेरे लिए बेहद अनमोल रहा। मेरे कोरियोग्राफर प्रतीक उटेकर सर ने मुझ पर भरोसा जताया और मेरी जिंदगी बदल दी। यह ट्रॉफी मेरे द्वारा सामना की गई हर चुनौती को सार्थक बनाती है।”