नवभारत रिपोर्टर
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग ज़िले में मंगलवार को भारत-म्यांमार सीमा पर असम राइफल्स की पेट्रोलिंग टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों (एनएससीएन) के हमले में असम राइफल्स का एक जवान शहीद और चार अन्य घायल हो गए।
यह घटना नामपोंग नाला के पास हुई। सुबह करीब 6.30 बजे नामपोंग सर्कल में 21 असम राइफल्स के जवान उस इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे जहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है, तभी उन पर गोलीबारी हुई।
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध उग्रवादियों ने पेट्रोलिंग टीम पर गोलीबारी की, जिसमें हवलदार जानखोकाई कुकी (42) की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए और उन्हे इलाज के लिए ले गया।
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में ऑपरेशन शुरू किया और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी बढ़ा दी।
सूत्रों के अनूसार हमला एनएससीएन केवाई में से जुड़े उग्रवादियों के शामिल होने की आशंका जताई गई है, हालांकि हमलावरों की पहचान के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडु ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की और कहा कि चांगलांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को विवरण इकट्ठा करने का निर्देश दिया गया है।
चांगलांग में भारत-म्यांमार सीमा संवेदनशील रही है क्योंकि इस क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार विद्रोही समूह सक्रिय हैं।