Coal Scam : कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव को EOW का नोटिस, कोल घोटाला मामले में हो सकती है पूछताछ, इस आरोप में जेल जा चुके हैं यादव

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Fri, 02 Oct 2026 03:42 PM
Coal Scam : कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव को EOW का नोटिस, कोल घोटाला मामले में हो सकती है पूछताछ, इस आरोप में जेल जा चुके हैं यादव

ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने नया नोटिस जारी किया है। इसमें विधायक देवेंद्र यादव को 5 अक्टूबर 2026 को विशेष न्यायालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सूतों से मिली जानकारी के अनुसार नोटिस में अपराध क्रमांक 03/2024 में चल रही विवेचना के बाद अभियोग पत्र पेश किए जाने की प्रक्रिया का उल्लेख किया गया है। EOW की ओर से जारी नोटिस में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं 7, 7A और 12 का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 120-B, 384, 467, 468 और 471 के तहत दर्ज प्रकरण का भी हवाला दिया गया है।

गुूजरे 28 सितंबर को हुई पूछताछ के बाद अब 5 अक्टूबर की तारीख सामने आने से इस प्रकरण को लेकर गतिविधियां बढ़ गई हैं। अदालत में अभियोग पत्र पेश होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि जांच एजेंसी ने किन आरोपों और साक्ष्यों के आधार पर मामला आगे बढ़ाया है। फिलहाल देवेंद्र यादव को जारी नोटिस और विशेष न्यायालय में उपस्थिति के निर्देश ही इस मामले में ताजा घटनाक्रम हैं। प्रकरण में अंतिम निर्णय न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही होगा। नोटिस के अनुसार विवेचना पूरी होने के बाद अभियोग पत्र विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, जिला रायपुर के समक्ष प्रस्तुत किया जाना है।

हालांकि, किसी जांच या पूछताछ में नाम आने अथवा नोटिस जारी होने से किसी व्यक्ति पर आरोप न्यायिक रूप से सिद्ध नहीं हो जाता। मामले में आगे की प्रक्रिया अदालत के समक्ष होगी। इससे पहले 28 सितंबर 2026 को भी EOW ने देवेंद्र यादव को पूछताछ के लिए बुलाया था। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, वह रायपुर स्थित EOW कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनसे दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ हुई थी। कोल लेवी मामले की जांच में EOW के अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई भी सामने आती रही है।

जानते चलें कि बलौदाबाजार अग्निकाण्ड मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव आरोपी रहे हैं और कई महीने जेल में भी रहे हैं। हालांकि इससे उनका पालिटिकल कैरियर का ग्राफ आगे ही बढ़ा है और अब वे प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं के समकक्ष आ गए हैं।

By Navabharat News Group