स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर आएंगी, संगठन की नब्ज टटोलेंगी नई प्रदेश प्रभारी…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 16 Oct 2026 02:41 PM
स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर आएंगी, संगठन की नब्ज टटोलेंगी नई प्रदेश प्रभारी…
ऑडियो सुनें

रायपुर: भाजपा की नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगी। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा होगा। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी रायपुर आएंगे।

 

स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन की अलग-अलग बैठकें लेंगे। इन बैठकों में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सांसद, विधायक, जिला व संभाग प्रभारी तथा निगम-मंडलों के पदाधिकारी शामिल होंगे।

दौरे के दौरान स्मृति ईरानी प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगी। पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों, संगठन के कामकाज और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी। इसके अलावा वे पार्टी नेताओं से सीधे संवाद कर प्रदेश में संगठन की स्थिति और जमीनी गतिविधियों की जानकारी लेंगी।

 

छत्तीसगढ़ से रहा है पुराना जुड़ाव

स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ से पहले भी लगातार जुड़ाव रहा है। वह 2015 में रायपुर और दंतेवाड़ा में महिला सशक्तिकरण और महिला दिवस के कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। इसके बाद 2016 में रायपुर आईआईएम के दीक्षांत समारोह और 2017 में अभनपुर के केंद्री में स्वच्छता कार्यक्रम में पहुंचीं।

2018 में केंद्रीय कपड़ा मंत्री रहते उन्होंने रायपुर में राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार समारोह में हिस्सा लिया था। इसी वर्ष राजनांदगांव और डोंगरगांव में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार भी किया। वर्ष 2022 में रायपुर और बिलासपुर में भाजपा महिला मोर्चा के कार्यक्रमों तथा 2023 में बस्तर की परिवर्तन यात्रा में भी स्मृति ईरानी शामिल हुई थीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav