बच्ची की हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने भोपाल में किया प्रदर्शन, थाने में घुसने का प्रयास किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 17 Oct 2026 03:40 PM
बच्ची की हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने भोपाल में किया प्रदर्शन, थाने में घुसने का प्रयास किया
ऑडियो सुनें

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने शनिवार को बैरागढ़ थाने में घुसने की कोशिश की और आरोपी को उनके हवाले करने या फांसी देने की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए थाना परिसर में अतिरिक्त र्किमयों की तैनाती की। पुलिस ने बताया कि बच्ची का शव शुक्रवार को बैरागढ़ स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक खंडहरनुमा इमारत में मिला था। घटना के कारण आक्रोशित स्थानीय लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन कर यातायात अवरूद्ध कर दिया और आरोपी को फांसी देने की मांग की।

पुलिस ने हत्या के आरोप में 23 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि बच्ची बैरागढ़ फाटक रोड स्थित एक झुग्गी बस्ती में रहती थी और आजीविका के लिए कबाड़ प्लास्टिक बीनती थी। परिजनों के अनुसार, वह बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसी रात थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था तथा घटनास्थल से कपड़ों के चिथड़े और कुछ संदिग्ध सामग्री भी मिली है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-4) संजीव पाठक ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बच्ची का शव खंडहरनुमा इमारत से बरामद किया गया था और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न हुआ था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस हत्या की वजह का पता लगा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav