Exclusive भगवान बुद्ध का प्रसाद कहलाता है यह चावल, 300-400 रुपये किलो बिकता है, कोरबा के इस इलाके में होती है खेती, Watch Video

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Fri, 13 Nov 2026 06:46 PM
Exclusive भगवान बुद्ध का प्रसाद कहलाता है यह चावल, 300-400 रुपये किलो बिकता है, कोरबा के इस इलाके में होती है खेती, Watch Video
ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ के कोरबा में पहली बार उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध काला नमक धान की प्राकृतिक खेती का ट्रायल किया गया है. 300-400 रुपये किलो बिकने वाला यह सुगंधित चावल किसानों की आय बढ़ाने की उम्मीद जगा रहा है.

काला नमक’ चावल की खेती भरपूर मात्रा में की जाती है. यह चावल भगवान बुद्ध के प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है. इसकी शुरुआत भी सिद्धार्थनगर से मानी जाती है. काला नमक चावल की कई वैरायटी है जो हमारे शरीर के लिए बेहद फायदेमंद है. साथ ही यह किसानों के लिए भी काफी मुनाफे का सौदा होता है. काला नमक में सिर्फ एक, दो नहीं बल्कि 5 से 6 ऐसी वैरायटी है जो बेहद अलग और खास है. इसके साथ ही इन चावलों की कुछ वैरायटी में ‘ग्लाइसेमिक इंडेक्स’ भी कम पाया जाता है.

यह वही चावल बताया जाता है, जिससे भगवान बुद्ध का महाप्रसाद बनाया जाता है. इतना ही नहीं, लोग इसे सेहत के लिए कुदरत का नायाब तोहफा भी मानते हैं. इस चावल की बाजार में कीमत 300 से 400 रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है. इस खास चावल की खेती का कोरबा में पहला सफल प्रयोग शुरू हो चुका है.

प्राकृतिक खेती का सफल ट्रायल
बता दें कि उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर और गोरखपुर के तराई क्षेत्रों की पहचान मानी जाने वाली इस ऐतिहासिक फसल ‘काला नमक’ धान ने अब छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दस्तक दी है. कृषि विभाग की पहल पर जिले में पहली बार प्राकृतिक खेती के तहत इसका सफल ट्रायल किया गया है.

डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद
वहीं शहर से लगे ग्राम रूमगरा और रिस्दी में 50-50 डिसमिल के तीन अलग-अलग खेतों में इसकी बुवाई की गई है. मकसद साफ है- कोरबा की आबोहवा में इस धान की पैदावार, सुगंध और गुणवत्ता को परखना. रूमगरा के किसान विजय सिंह कंवर, शिवकुमार कंवर और रिस्दी के संजय कंवर इस बदलाव की अगुवाई कर रहे हैं.

इस चावल की खासियत सिर्फ इसका स्वाद और खुशबू नहीं, बल्कि इसके पोषक गुण भी हैं. काला नमक चावल में भरपूर मात्रा में प्रोटीन, आयरन, जिंक और जरूरी विटामिन पाए जाते हैं. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स सामान्य चावल के मुकाबले कम होता है, जिसके चलते यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.

सामान्य धान की कीमतें सीमित
किसान विजय सिंह कवर का कहना है कि बाजार में जहां सामान्य धान की कीमतें सीमित होती हैं, वहीं यह चावल 300 से 400 रुपये प्रति किलो तक बिकता है. ऐसे में यह प्रयोग किसानों की माली हालत बदलने का बड़ा जरिया बन सकता है.

वहीं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संजय पटेल का कहना है कि इस अनूठे धान के साथ एक पावन इतिहास भी जुड़ा है. धार्मिक और ऐतिहासिक मान्यताओं के मुताबिक, जब भगवान गौतम बुद्ध सिद्धार्थनगर क्षेत्र से गुजरे थे, तब उन्होंने स्थानीय लोगों को आशीर्वाद स्वरूप यह सुगंधित धान भेंट किया था. इसी वजह से इसे ‘बुद्ध का महाप्रसाद’ भी कहा जाता है.

देखिए वीडियो :

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group