छत्तीसगढ़ में भी अब दूध के दाम बढ़ने प्रारंभ हो गए हैं। अब देवभोग दूध खरीदने के लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी।
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित (CGCDF) ने देवभोग दूध के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद अब एक लीटर दूध का पैकेट 59 रुपये की जगह 61 रुपये में मिलेगा। यानी प्रति लीटर दूध की कीमत में 2 रुपये का इजाफा किया गया है।
जानते चलें कि देवभोग छत्तीसगढ़ में संचालित एक प्रमुख सहकारी डेयरी ब्रांड है। इसका संचालन छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित (CGCDF) करता है। इस ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के उपभोक्ताओं तक दूध और अन्य डेयरी उत्पाद पहुंचाए जाते हैं। दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर प्रदेश के उन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, जो रोजाना घरेलू जरूरतों के लिए देवभोग दूध का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, कीमत बढ़ाने के पीछे महासंघ की ओर से क्या वजह बताई गई है, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है।
सहकारी समितियों से प्राप्त दूध को आधुनिक डेयरी संयंत्रों में प्रोसेसिंग और गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया से गुजारा जाता है। इसके बाद इसे बाजार में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध कराया जाता है। इस व्यवस्था से ग्रामीण दुग्ध उत्पादकों को बाजार से जुड़ने का अवसर मिलता है।देवभोग डेयरी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना और स्थानीय पशुपालकों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना है। इसके लिए गांवों में संचालित दुग्ध सहकारी समितियों के जरिए किसानों से सीधे दूध एकत्र किया जाता है।
देवभोग दूध की नई कीमत
पुरानी कीमत: 59 रुपये प्रति लीटर
नई कीमत: 61 रुपये प्रति लीटर
कुल बढ़ोतरी: 2 रुपये प्रति लीटर