उत्तर कोरिया ने मिसाइल का प्रक्षेपण किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 28 Sep 2022 06:36 PM
उत्तर कोरिया ने मिसाइल का प्रक्षेपण किया
ऑडियो सुनें

सियोल. दक्षिण कोरिया ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की यात्रा से एक दिन पहले अपने पूर्वी जल क्षेत्र की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण किया. दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ आॅफ स्टाफ’ ने कहा कि मिसाइल का प्रक्षेपण बुधवार को किया गया लेकिन इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी. इस सप्ताह उत्तर कोरिया द्वारा दागी गई यह दूसरी मिसाइल है.

हैरिस बृहस्पतिवार को दक्षिण कोरिय पहुंचेंगी और इस दौरान वह राष्ट्रपति यून सुक योल और अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगी. वह दक्षिण कोरिया की अपनी यात्रा के दौरान प्रतिद्वंद्वी कोरिया को अलग करने वाले विसैन्यीकृत क्षेत्र का दौरा भी करेंगी.
उत्तर कोरिया के खिलाफ ताकत के प्रदर्शन के लिए अमेरिका और दक्षिण कोरियाई नौसेना के जहाज भी दक्षिण कोरिया के पूर्वी तट पर अभ्यास कर रहे हैं. सोमवार से शुरू हुए चार दिवसीय अभ्यास में परमाणु ऊर्जा से चलने वाला विमानवाहक पोत यूएसएस रोनाल्ड रीगन भी शामिल है.

अमेरिका और दक्षिण कोरिया एशियाई प्रायद्वीप में उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम से बढ़ते खतरे के मद्देनजर संयुक्त सैन्य अभ्यास कर रहे हैं. उत्तर कोरिया ने इस साल अपनी मिसाइल परीक्षण गतिविधियां तेज कर दी हैं. वर्ष 2022 में वह अब तक 30 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण कर चुका है, जिसमें 2017 के बाद पहली बार एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण भी शामिल है. गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने रविवार को अपने पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav