म्यांमा की सैन्य सत्ता ने सू ची को फिर दोषी ठहराया, ऑस्ट्रेलियाई अर्थशास्त्री को तीन साल की जेल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Sep 2022 06:16 PM
म्यांमा की सैन्य सत्ता ने सू ची को फिर दोषी ठहराया, ऑस्ट्रेलियाई अर्थशास्त्री को तीन साल की जेल
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. सैन्य शासन वाले म्यांमा की एक अदालत ने देश की नेता आंग सान सू ची को बृहस्पतिवार को एक और आपराधिक मामले में दोषी ठहराया और ऑस्ट्रेलियाई अर्थशास्त्री सीन टर्नल को गोपनीयता कानून का उल्लंघन करने के मामले में तीन साल जेल की सजा सुनाई. एक विधिक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि गोपनीयता कानून के तहत सू ची को भी तीन साल जेल की सजा सुनाई गई है.

उन्होंने कहा कि सू ची के मंत्रिमंडल के तीन सदस्यों को भी दोषी पाया गया और उन्हें तीन-तीन साल कैद की सजा दी गई है. टर्नल को आव्रजन कानून के उल्लंघन का भी दोषी पाया गया जिसके लिए उन्हें तीन साल कैद की अतिरिक्त सजा सुनाई गई है. उन्हें गोपनीयता कानून के उल्लंघन के लिए मिली सजा के साथ ही यह सजा भी चलेगी. हालांकि, वे पहले ही हिरासत में 20 महीने का समय बिता चुके हैं और यह अवधि उनकी सजा से कम हो जाएगी तथा वह डेढ़ साल से कम समय के लिए जेल में रहेंगे.

टर्नल सिडनी के मैक्वेरी विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर हैं और वह सू ची के सलाहकार भी थे. म्यांमा में पिछले साल सेना ने एक फरवरी को चुनी हुई सरकार का तख्तापलट कर सत्ता हथिया ली थी. टर्नल के परिवार और दोस्तों ने उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही वह जेल से रिहा हो जाएंगे और उन्हें ऑस्ट्रेलिया प्रर्त्यिपत कर दिया जाएगा जैसा कि राजनीतिक अपराधों के लिए म्यांमा में अन्य विदेशियों के साथ हुआ. टर्नल की पत्नी हा वू भी एक अर्थशास्त्री हैं.

उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर कहा, ‘‘मेरे लिए, मेरी बेटी के लिए और सीन के 85 वर्षीय पिता के लिए यह जानना बेहद दुखद है कि मेरे पति प्रोफेसर सीन टर्नल को तीन साल जेल की सजा सुनाई गई है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘सीन पिछले 20 साल से ज्यादा समय से म्यांमा के समर्थक रहे हैं और उन्होंने म्यांमा की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए अथक परिश्रम किया है.’’ ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग के कार्यालय ने अदालत के आदेश को खारिज किया और टर्नल की तत्काल रिहाई की मांग की.

वोंग के कार्यालय ने कहा कि टर्नल को गलत तरीके से हिरासत में रखा गया है और उनके मामले की सुनवाई के दौरान ऑस्ट्रेलियाई राजनयिकों को उपस्थित रहने की इजाजत नहीं दी गई. मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रोफसर टर्नल को ऑस्ट्रेलिया वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. म्यांमा में सेना के सत्ता पर कब्जे के पांच दिन बाद टर्नल को गिरफ्तार किया गया था जब वह हवाई अड्डा जाने के लिए कार का इंतजार कर रहे थे.

टर्नल पर आरोप के मामले की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है हालांकि, सरकारी टीवी चैनल ने पिछले साल बताया था कि टर्नल के पास देश की वित्तीय प्रणाली की गोपनीय जानकारी थी और वह उसे लेकर म्यांमा से भागने वाले थे. टर्नल और सू ची ने इन आरोपों का खंडन किया है. सू ची पर तमाम अन्य आरोप हैं और उन्हें 20 साल के लिए जेल की सजा सुनाई जा चुकी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu