मां की डांट की शिकायत लेकर थाने पहुंचा तीन साल का बच्चा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Oct 2022 07:39 PM
मां की डांट की शिकायत लेकर थाने पहुंचा तीन साल का बच्चा
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्य प्रदेश के बुरहानुपर जिले में मां से डांट पड़ने से नाराज तीन साल का बच्चा इसकी शिकायत लेकर अपने पिता के साथ पुलिस थाने पहुंच गया. सोशल मीडिया पर रविवार को एक वीडियो सामने आया जिसमें बच्चे ने थाने में पुलिस उप निरीक्षक प्रियंका नायक से अपनी मां के खिलाफ शिकायत की. क्लिप वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को वीडियो कॉल करके बच्चे से पूछा कि वह क्या चाहता है और साथ ही उसे दीवाली पर चॉकलेट और साइकिल भेजने का वादा किया.

वहीं, बच्चे के पिता का कहना है कि वह नहाने के बाद माथे पर काला टीका नहीं लगवाना चाहता था, जिसे लेकर उसे मां से डांट पड़ी. इसके बाद बच्चा मां के खिलाफ शिकायत करने की जिद करता रहा तो, पिता अंतत: उसे नजदीकी पुलिस चौकी ले गए. बच्चा अपने पिता के साथ रविवार को बुरहानुपर के ददतलाई पुलिस चौकी गया जहां इतने छोटे बच्चे को आया देख चौकी प्रभारी प्रियंका नायक की उत्सुकता जाग उठी. हालांकि, उन्होंने कागज-कलम निकाली और बच्चे की पूरी शिकायत लिखी.

वायरल वीडियो में बच्चे को यह दावा करते हुए सुना गया कि उसकी मां ने उसकी कैडीज चुराई हैं. वहीं, नायक ने बच्चे की पूरी शिकायत लिखने के बाद जब उससे दस्तखत करवाए तो, तीन साल के मासूम ने कुछ आड़ी-तिरछी रेखाएं खींच दीं. बुरहानपुर के पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार ने कहा कि उन्होंने लड़के के पिता से बात की जिन्होंने कहा कि बच्चा पुलिस से प्रभावित था और उनके बारे में जानने को उत्सुक था. एसपी ने बच्चे को दिलासा देने और यह संदेश देने के लिए महिला पुलिस अधिकारी की सराहना की कि कोई भी बिना किसी डर के पुलिस थाने जा सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu