टी20 विश्व कप: नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर किया उलटफेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Nov 2022 07:43 PM
टी20 विश्व कप: नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर किया उलटफेर
ऑडियो सुनें

मेलबर्न/एडीलेड. नीदरलैंड ने एडिलेड में दक्षिण अफ्रीका को 13 रन से उलटफेर करते हुए उसे टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया जिससे भारत ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई कर लिया. चार मैचों में छह अंक से भारत सुपर 12 के ग्रुप दो में शीर्ष पर बना हुआ है. दक्षिण अफ्रीका पांच मैचों में पांच अंक से टूर्नामेंट से बाहर हुआ.

पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों के चार चार मैचों से चार चार अंक हैं जिससे दोनों के बीच एडीलेड में चल रहे मैच से सेमीफाइनल की दूसरी टीम तय होगी. विजेता टीम के छह अंक हो जायेंगे. अगर पाकिस्तान जीत जाता है तो भारत-पाकिस्तान के बीच खिताबी भिड़ंत की संभावना है. भारत सुपर 12 के अपने अंतिम मैच में जिम्बाब्वे से भिड़ेगा.

दक्षिण अफ्रीका के बाहर होने पर निराश बावुमा ने कहा, इसे स्वीकार करना मुश्किल

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने कहा कि टी20 विश्व कप से बाहर होने की बात स्वीकार करना मुश्किल है क्योंकि उनकी टीम रविवार को कमजोर नीदरलैंड से हारकर फिर से एक और आईसीसी टूर्नामेंट से बाहर हो गयी. दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड ने सुपर 12 मुकाबले में 13 रन से हराकर टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से बाहर कर दिया. दक्षिण अफ्रीका की टीम आईसीसी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद अंत में हार जाती है इसलिये उसे ‘चोकर्स’ कहा जाता है.

मैच के बाद निराश बावुमा ने कहा, ‘‘इसे पचा पाना मुश्किल है. एकजुट इकाई के तौर पर हमें प्लेआॅफ में पहुंचने का भरोसा था. ’’ दमदार तेज गेंदबाजी आक्रमण रखने वाली दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये कमजोर नीदरलैंड को हराने की जरूरत थी. लेकिन इस उलटफेर भरी हार से पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला ‘करो या मरो’ का बन गया जिससे ग्रुप दो की सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली दूसरी टीम तय होगी.

दक्षिण अफ्रीका के हारने से भारत का जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले के परिणाम से पहले ही अंतिम चार में स्थान सुनिश्चित हो गया था. बावुमा ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से हम जीत नहीं सके. टॉस जीतकर गेंदबाजी करना आदर्श नहीं रहा. हमने अहम मौकों पर विकेट गंवाये. उन्होंने मैदान का अच्छा इस्तेमाल किया जो हम नहीं कर सके.’’ दक्षिण अफ्रीका की टीम हमेशा टूर्नामेंट से पहले प्रबल दावेदारों में शुमार होती है लेकिन आईसीसी टूर्नामेंट के अंत में बाहर हो जाती है और टीम अभी तक विश्व कप के फाइनल में नहीं पहुंच सकी है.
टीम 2009 और 2014 में दो बार टी20 विश्व कप में सेमीफाइनल चरण में बाहर हुई.

वनडे विश्व कप में वह चार मौकों पर 1992, 1999, 2007 और 2015 में अंतिम चार में हार गयी. किसी भी प्रारूप में दक्षिण अफ्रीका पर पहली जीत दर्ज करने के बाद नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के पास इस खुशी को बयां करने के लिये शब्द ही नहीं थे. उन्होंने कहा, ‘‘काफी कुछ कहना है, लेकिन इसे बताने में थोड़ा समय लगेगा. नीदरलैंड की विश्व कप में एक और बड़ी उलटफेर भरी जीत. ’’ सुपर 12 चरण में यह नीदरलैंड की दूसरी जीत थी, उसने इससे पहले जिम्बाब्वे को पांच विकेट से हराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu