माकपा शासन में त्रिपुरा उपेक्षित रहा, भाजपा सरकार ने विकास कार्यों के साथ इतिहास रचा : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Jan 2023 08:30 PM
ऑडियो सुनें

अगरतला. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि त्रिपुरा में पार्टी की सरकार ने ब्रू शरणार्थी संकट के समाधान सहित विभिन्न कल्याणकारी पहल के साथ पिछले पांच वर्षों में इतिहास रचा है. नड्डा ने यहां एक जनसभा में यह भी दावा किया कि राज्य के साथ-साथ केंद्र में भी भाजपा के सत्ता में होने से प्रदेश में तेज गति से विकास हो रहा है. त्रिपुरा में फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होने हैं.

भाजपा अध्यक्ष ने राज्य की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, ‘‘ब्रू शरणार्थी समस्या को एक समझौते के माध्यम से सुलझा लिया गया है. राजधानी एक्सप्रेस और जन शताब्दी एक्सप्रेस सेवाएं राज्य के लोगों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं. गरीब लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है. पूर्वोत्तर राज्य में तेजी से बदलाव हो रहा है.’’ पूर्ववर्ती वामपंथी सरकार पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि राज्य ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत शासन के तहत लंबे समय तक उपेक्षा का सामना किया था, लेकिन वर्तमान सरकार ‘एक त्रिपुरा, श्रेष्ठ त्रिपुरा’ और ‘आत्मनिर्भर त्रिपुरा’ बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.

उन्होंने कहा, ‘‘जब राज्य में वामपंथियों का शासन था, तब त्रिपुरा में नियमित रूप से बलात्कार, बंद, जबरन वसूली और अन्य भ्रष्ट गतिविधियां देखी गईं. भाजपा के सत्ता में आने पर ये सभी बाधाएं दूर हो गईं. अब विकास ने मोर्चा संभाल लिया है.’’ नड्डा ने यह भी दावा किया कि भाजपा शासन में राज्य में कोई राजनीतिक हत्या नहीं हुई. उन्होंने विकास की प्रक्रिया को जारी रखने के लिए लोगों से भाजपा को फिर से समर्थन देने की अपील की.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से एक ‘‘प्रमुख शक्ति’’ के रूप में उभर रहा है, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की संख्या छह से बढ़कर 23 हो गई है और 2014 में 384 मेडिकल कॉलेज थे, जिसकी संख्या बढ़कर 700 से अधिक हो गई है.

उन्होंने कहा, ‘‘नए भारत का चेहरा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. कोविड-19 महामारी और यूक्रेन युद्ध के बावजूद, देश अच्छी आर्थिक स्थिति के साथ मजबूती से खड़ा है. 200 वर्षों तक देश पर शासन करने वाले अंग्रेजों को पीछे छोड़ते हुए भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया.’’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू की गई भाजपा की ‘जन विश्वास यात्रा’ के समापन पर आयोजित रैली को मुख्यमंत्री माणिक साहा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य ने भी संबोधित किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu