सरकार लोगों का ध्यान भटका कर उन्हें लूट रही है : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Jan 2023 09:55 PM
ऑडियो सुनें

लखनपुर/पठानकोट. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोगों का ध्यान भटकाकर उनकी ‘‘जेब काट रही है और उन्हें लूट रही है.’’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर पहुंची. सितंबर में कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में संपन्न होगी.

यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि वह कन्याकुमारी से पैदल चलकर कश्मीर आए और हजारों लोगों से बात की. शाम होने और तापमान में गिरावट के बीच सैकड़ों लोग राहुल गांधी के साथ चले. इस दौरान, कांग्रेस की पंजाब इकाई ने जम्मू-कश्मीर इकाई के एक नेता को पार्टी का झंडा भी दिया.

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने नफरत फैलाई है. पहले मैंने सोचा था कि यह बहुत गहराई तक फैला है, लेकिन ऐसा नहीं है और ऐसा मुख्य रूप से टेलीविजन पर दिखाई देता है.’’ उन्होंने नफरत, हिंसा, बेरोजगारी और महंगाई को देश के मुख्य मुद्दे करार देते हुए मीडिया पर इन्हें उजागर न करने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मीडिया लोगों का ध्यान भटकाने के लिए बॉलीवुड सितारों – ऐश्वर्य राय और अक्षय कुमार जैसे विषयों का सहारा लेता है.

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पूर्वज इसी भूमि से संबंध रखते थे, मुझे लगता है कि मैं घर वापस लौट रहा हूं. मैं अपनी जड़ों की ओर लौट रहा हूं, मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों की पीड़ा समझता हूं और सिर झुकाकर आपके पास आया हूं.’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि वह दिन में लगभग सात घंटे चलते हैं और हर दिन 25 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं, लेकिन कुछ लोगों की भविष्यवाणी के उलट इस दौरान यात्रा में कोई भी नहीं थका.

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बाद में लगा कि हम थकान महसूस नहीं कर रहे हैं क्योंकि लोग हमें आगे बढ़ा रहे हैं. अगर कोई गिरता है, तो उसे चंद सेकेंड में सहारा मिल जाता है… कोई किसी से नहीं पूछ रहा कि आपका धर्म क्या है.’’ राहुल गांधी ने दावा किया कि ‘दो भारत’ बनाए जाने का एक अहम ंिबदु यह भी है कि एक गरीबों के लिए है जबकि दूसरा कारपोरेट जगत के लिए है.

इससे पहले, नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और पार्टी के वरिष्ठ नेतागण बृहस्पतिवार को राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के जम्मू कश्मीर में दाखिल होने पर उनका स्वागत करने पहुंचे. नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक नेता ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कई वाहनों में यात्रा में शामिल होने के लिए निकले.

फारूक अब्दुल्ला ने शंकराचार्य और राहुल गांधी की तुलना करते हुए कहा, ‘‘कई साल पहले, शंकराचार्य ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा की थी और आज आप ऐसा कर रहे हैं.’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘आज का भारत, ‘राम के भारत’ या गांधी के हिंदुस्तान का नहीं है क्योंकि लोग धर्म के नाम पर बंटे हुए हैं. अगर हम एक साथ होते हैं, तो हम मौजूदा समय की नफरत को दूर कर सकते हैं.’’

जम्मू-कश्मीर में यात्रा के प्रवेश के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं जयराम रमेश, अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह के अलावा अब्दुल्ला, शिवसेना नेता संजय राउत, पूर्व मंत्री लाल सिंह और अवामी नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता मुजफ्फर शाह सहित कई नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया.

मैं मुख्यमंत्री मान का सम्मान करता हूं, लेकिन पंजाब का शासन दिल्ली से नहीं चलना चाहिए : राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को एक बार फिर पंजाब की आप सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसे ‘‘रिमोट कंट्रोल’’ से चलाया जा रहा है. वायनाड से सांसद ने आम आदमी पार्टी (आप) पर पिछले साल हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में विज्ञापनों पर पंजाब की धनराशि खर्च करने का आरोप लगाया.

पंजाब में ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के अंतिम चरण में यहां एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री मान का सम्मान करते हैं लेकिन कहा कि पंजाब का शासन सिर्फ पंजाब से चलना चाहिए, दिल्ली से नहीं. पिछले दिनों होशियारपुर की जनसभा में दिए गए अपने संबोधन का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मैंने भगवंत मानजी से कहा कि वह पंजाब का शासन रिमोट कंट्रोल से ना चलने दें. मैंने कोई साधारण बात नहीं कही है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप मेरे साथ लोकसभा में बैठे हैं (जब मान लोकसभा सदस्य हुआ करते थे). आपमें और अरंिवद केजरीवाल जी में बहुत फर्क है. मैं आपका सम्मान करता हूं और मैं कांग्रेस पार्टी के मंच से यह कह रहा हूं. लेकिन पंजाब का शासन दिल्ली से नहीं चलना चाहिए.’’ राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा के दौरान उन्होंने पंजाब की नयी आप नीत सरकार के बारे में एक किसान से पूछा. कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उसका जवाब था कि यह ‘‘रिमोट कंट्रोल’’ से चलने वाली सरकार है.

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह पसंद नहीं आया. यह अलग बात है कि कांग्रेस आप के खिलाफ लड़ रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘….जब मैंने किसान से रिमोट कंट्रोल का मतलब पूछा तो उन्होंने कहा (आप सांसद) राघव चड्ढा. फिर तो यह सही नहीं है.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की जनता का धन पिछले साल हुए गुजरात विधानसभा चुनावों में विज्ञापनों पर खर्च हुआ है.

उन्होंने कहा, ‘‘यह गलत है. यह पंजाब की जनता का धन है.’’ होशियारपुर में 16 जनवरी को राहुल गांधी ने कहा था कि मान को किसी के ‘‘रिमोट कंट्रोल’’ से नहीं चलना चाहिए और उन्हें स्वतंत्र रूप से राज्य का शासन चलाना चाहिए. हालांकि उनके इस बयान पर पंजाब के मुख्यमंत्री ने बड़ी तीखी प्रतिक्रिया दी थी.

मान ने राहुल गांधी से कहा था कि उन्हें जनता ने मुख्यमंत्री बनाया है. उन्होंने अमंिरदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से अचानक हटाकर उनके साथ किए गए ‘‘अपमान’’ को याद दिलाया. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का पंजाब चरण बृहस्पतिवार को समाप्त हो रहा है और अब यात्रा जम्मू में प्रवेश करेगी.

यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई और 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी द्वारा तिरंगा फहराए जाने के साथ समाप्त होगी. राहुल गांधी नीत ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अभी तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से होते हुए पंजाब पहुंची है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu