न्यायालय के फैसलों को क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराने पर CJI का जोर प्रशंसनीय: प्रधानमंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Jan 2023 07:34 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उच्चतम न्यायालय के फैसलों को क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराने पर प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ के जोर देने की रविवार को सराहना की. प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘हाल में एक कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने उच्चतम न्यायालय के फैसलों को क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात कही. उन्होंने इसके लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग का भी सुझाव दिया. यह एक प्रशंसनीय विचार है, जो कई लोगों की मदद करेगा.’’

प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई में ‘बार काउंसिल आॅफ महाराष्ट्र एंड गोवा’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश के संबोधन के संबंधित वीडियो क्लिप को भी साझा किया. अतीत में प्रधानमंत्री ने न्यायिक निर्णयों को क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराकर आम आदमी के लिए अधिक सुलभ बनाने की लगातार हिमायत की है.

मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘भारत में कई भाषाएं हैं, जो हमारी सांस्कृतिक जीवंतता को बढ़ाती हैं. केंद्र सरकार भारतीय भाषाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रयास कर रही है, जिसमें इंजीनियंिरग और चिकित्सा जैसे विषयों को अपनी मातृभाषा में पढ़ने का विकल्प शामिल है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu