‘फास्टैग’ की मदद से पुलिस ने सुलझाया लूट का मामला, छह लोग गिरफ्तार…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 08 Feb 2023 02:51 PM
ऑडियो सुनें

ठाणे: नवी मुंबई पुलिस ने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर हुई 2.17 लाख रुपये की लूट के मामले को ‘फास्टैग’ प्रणाली की मदद से सुलझा लिया और इसमें शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पनवेल थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल पाटिल ने कहा, ‘‘पनवेल इलाके में 26 जनवरी को एक सफेद कार में सवार आरोपियों ने एक अन्य कार को रोका और उसमें सवार लोगों से कथित तौर पर 2.17 लाख रुपये का सामान लूटा और फरार हो गए।’’ अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस जांच दल ने नजदीक स्थित एक नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और सफेद कार की पहचान की। इसके बाद ‘फास्टैग’ (इलेक्ट्रॉनिक टोल क्लेक्शन प्रणाली) से पुलिस ने कार और उसके मालिक की जानकारी हासिल की।

उन्होंने बताया कि कार का पता लगाया गया और उसका पीछा किया गया। कार को खालापुर के पास एक नाके पर रोका गया, जिसके बाद वाहन के मालिक का पता लगाया गया और फिर लूटपाट में शामिल छह आरोपियों की तलाश शुरू की गई। आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान राजू पुकले (55), प्रमोद कोकरे (28), मयप्पा वलकुंडे (24), किरण सरगर (28), अशोक पाटिल (23) और संदीप कोकरे (23) के तौर पर हुई। अधिकारी ने बताया कि लूटा गया सामान अभी नहीं मिल पाया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav