नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को युवाओं से नए भारत और विश्व के निर्माण के लिए नवीन और बड़े सपने देखने का आह्वान किया और कहा कि अगर उनका स्वप्न केवल करियर तक सीमित रहेगा, तब वे अपने और समाज के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे।.
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के 99वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ मैं ओडिशा के छोटे से गांव से शहर जाकर पढ़ने वाली अपने गांव की पहली लड़की थी । आप सब के सहपाठियों में भी ऐसे कई विद्यार्थी होंगे जिनके परिवार या गांव से, उनसे पहले कोई विश्वविद्यालय स्तर की शिक्षा नहीं प्राप्त कर पाया होगा। ऐसे विद्यार्थी बहुत प्रतिभावान और संघर्षशील होते हैं।’’.