प्रधानमंत्री दिल्ली में अच्छे काम रोकना चाहते हैं, इसलिए सिसोदिया, जैन को गिरफ्तार किया गया: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Mar 2023 07:59 PM
प्रधानमंत्री दिल्ली में अच्छे काम रोकना चाहते हैं, इसलिए सिसोदिया, जैन को गिरफ्तार किया गया: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि पूरे देश को दिल्ली के पूर्व मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन पर गर्व है. उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में ‘‘हो रहे अच्छे कार्यों को रोकने के लिए’’ उन्हें गिरफ्तार किया गया है.

आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों और पार्षदों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देने के अंदाज में कहा, ‘‘आप एक तूफान है. अब हम रुकने वाले नहीं हैं और हमारा समय आ गया है.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि आबकारी नीति मामले में सिसोदिया की गिरफ्तारी केवल एक बहाना है और नये मंत्री दोगुनी रफ्तार से सरकार के अच्छे कामों को जारी रखेंगे.

केजरीवाल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली में किये जा रहे अच्छे कार्यों को रोकना चाहते हैं. लेकिन मैं जनता को बताना चाहता हूं कि काम दोगुनी रफ्तार से होगा. आतिशी और सौरभ भारद्वाज जल्द मंत्रिमंडल में शामिल होंगे. दोनों शिक्षित हैं और दोगुनी गति से अच्छे काम करते रहेंगे.’’ उपमुख्यमंत्री कौन होगा, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमें जरूरत पड़ी, तो देखेंगे.’’

‘आप’ सरकार में दूसरे स्थान पर माने जाने वाले सिसोदिया को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021-22 की दिल्ली आबकारी नीति को बनाने और लागू करने में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में रविवार को गिरफ्तार किया था. जैन को प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन के एक मामले में पिछले साल मई में गिरफ्तार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu