मेघालय में 58 नवनिर्वाचित विधायकों को दिलायी गई शपथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Mar 2023 09:33 PM
मेघालय में 58 नवनिर्वाचित विधायकों को दिलायी गई शपथ
ऑडियो सुनें

शिलांग. मेघालय विधानसभा के 58 नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को शपथ ली. अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) टिमोथी डी. शिरा ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी. नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) प्रमुख एवं निवर्तमान मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा इस अवसर पर उपस्थित थे. मेघालय में 60 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन यूडीपी उम्मीदवार एच डी आर लिंगदोह के निधन के बाद सोहियोंग निर्वाचन क्षेत्र में मतदान स्थगित कर दिया गया था.

रेसुबेलपारा के विधायक शिरा को 4 मार्च को राजभवन में राज्यपाल फागू चौहान द्वारा विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलायी गई थी. सदन के सदस्यों के रूप में शपथ लेने वाले वरिष्ठ विधायकों में एनपीपी के संगमा और प्रेस्टोन टाइनसॉन्ग, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के मुकुल संगमा और यूडीपी के मेतबाह लिंगदोह शामिल थे.

नवनिर्वाचित विधायकों के शपथग्रहण समारोह के लिए विधानसभा का एक विशेष सत्र आहूत किया गया था. एनपीपी के नेतृत्व वाली सरकार के मंगलवार को होने वाले शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है. विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए सदन की बैठक फिर 9 मार्च को होगी. एनपीपी के नेतृत्व वाले 32 विधायकों वाले गठबंधन ने कोनराड के. संगमा के नेतृत्व में पूर्वोत्तर राज्य में अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया है.

एनपीपी ने हाल ही में संपन्न चुनावों में 26 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि उसकी सहयोगी भाजपा ने केवल दो विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी. हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के दो विधायकों ने भी चुनाव में जीत दर्ज की है और उन्होंने दो अन्य निर्दलीय विधायकों के साथ एनपीपी-भाजपा गठबंधन को अपना समर्थन दिया है.

दो बड़े क्षेत्रीय दलों-यूनाइडेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (पीडीएफ) ने पांच मार्च को नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) नीत गठबंधन को अपना समर्थन दिया. इससे कोनराड के. संगमा की अगुवाई वाले गठबंधन को समर्थन देने वाले विधायकों की संख्या बढ़कर 45 हो गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu