देश की दयनीय स्थिति को लेकर चिंतित हूं, होली पर प्रार्थना करूंगा : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Mar 2023 08:14 PM
देश की दयनीय स्थिति को लेकर चिंतित हूं, होली पर प्रार्थना करूंगा : केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि वह होली पर देश के लिए प्रार्थना करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छा काम करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि देश को लूटने वाले बच कर निकल रहे हैं. डिजिटल माध्यम से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह देश की दयनीय स्थिति को लेकर चिंतित हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘सभी जानते हैं कि दिल्ली के सरकारी स्कूल और अस्पतालों का बुरा हाल था… लेकिन इन सरकारी स्कूल और अस्पतालों को सुधारने वाले दो लोग-मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन-जेल में हैं.’’ मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि यह चिंताजनक है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के लिए अच्छा काम करने वालों को जेल में डाल दिया है, जबकि देश को लूटने वालों को गले लगाया जा रहा है.

उन्होंने कहा, ‘‘होली पर मैं देश की दयनीय स्थिति में सुधार के लिए ध्यान और प्रार्थना करूंगा. अगर आपको भी लगता है कि प्रधानमंत्री सही तरह से काम नहीं कर रहे हैं, तो आप भी होली का त्योहार मनाने के बाद देश के लिए प्रार्थना करें.’’ केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं सिसोदिया और जैन के जेल में होने को लेकर चिंतित नहीं हूं. वे बहादुर लोग हैं, जो देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने को तैयार हैं.

लेकिन देश के हालात मुझे चिंता में डालते हैं.’’ इस बीच, अरंिवद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भ्रष्टाचार से लड़ने की बात नहीं करनी चाहिए, क्योंकि कर्नाटक में एक भाजपा विधायक के घर से भारी मात्रा में नकदी मिलने के बावजूद उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया.

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री जी, मनीष सिसोदिया के घर से छापेमारी में कुछ नहीं मिला. उन पर सीबीआई, ईडी की सारी धारायें लगाकर गिरफ्तार कर लिया. आपकी पार्टी के विधायक के यहां इतनी नकदी मिली, उसकी गिरफ्Þतारी नहीं? अब आप कभी भी भ्रष्टाचार से लड़ने की बात तो मत ही करना. आपके मुंह से अच्छा नहीं लगता.’’

सिसोदिया को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस साल 26 फरवरी को दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था. उन्हें सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. वहीं, जैन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन के एक मामले में पिछले साल मई में गिरफ्तार किया था. सिसोदिया और जैन ने हाल ही में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu