मोदी दुनिया में देश का नाम कर रहे हैं, तो कुछ लोग देश को बदनाम कर रहे हैं: राहुल पर योगी का निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Mar 2023 07:05 PM
मोदी दुनिया में देश का नाम कर रहे हैं, तो कुछ लोग देश को बदनाम कर रहे हैं: राहुल पर योगी का निशाना
ऑडियो सुनें

गोरखपुर/अमेठी. उत्तर प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने रविवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना लंदन में दिये उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक तरफ वैश्विक मंचों पर भारत का दबदबा बढ़ रहा है तो दूसरी तरफ कुछ लोग दूसरे देशों में जाकर भारत की आलोचना कर रहे हैं.

रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बशारतपुर-प्रथम शक्ति केंद्र पर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”भारत के लोकतंत्र को कोसने वाले ये वही लोग हैं जो मौका मिलने पर स्वयं लोकतंत्र का गला घोंटने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते हैं. मोदी दुनिया में देश का नाम कर रहे हैं तो कुछ लोग देश को बदनाम करने में जुटे हैं.” आधिकारिक बयान के अनुसार भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आ’’ान पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में जाकर देश की आलोचना करने वाले वही लोग हैं जो केरल में रहते हैं तो उत्तर प्रदेश की बुराई करते हैं और दिल्ली में रहते हैं तो केरल की.

योगी ने कहा, ” इन चेहरों को पहचानने की जरूरत है, ये देश के सुदृढ़ लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं, इनकी खानदानी विरासत ही ‘बांटो और राज करो’ की विभाजनकारी राजनीति की रही है. इनकी विभाजन की मानसिकता और इनके षड्यंत्र को सफल नहीं होने देना है.” राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 8-9 वर्षों में हासिल देश की उपलब्धियां नए भारत का प्रतिनिधित्व करती हैं तथा राष्ट्रपति के अभिभाषण में देश की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की सुनहरी तस्वीर है.

राहुल गांधी को इस बात का अंदेशा हो गया है कि 2024 में उन्हें पुन: पराजय मिलेगी : स्­मृति ईरानी

केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे के दूसरे दिन पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा कि जिस तरह से लोकतांत्रिक तरीके से अमेठी की जनता ने धूल चटाई थी, उससे राहुल गांधी को इस बात का अंदेशा हो गया है कि 2024 में उन्हें पुन: पराजय मिलेगी.

अमेठी के जगदीशपुर में पीपा पुल का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में स्मृति ईरानी ने गांधी परिवार पर तीखे हमले करते हुए कहा कि यह लोकसभा क्षेत्र राष्ट्र की सत्ता के लिए जाना जाता था जिसके कंधे पर चढ़कर जो गांधी परिवार देश के सर्वोच्च सदन ही नहीं राष्ट्र की सत्ता के शिखर तक पहुंचा, वह यहीं के लोगों को भूल गया.

पत्रकारों द्वारा राहुल गांधी के भारत में लोकतंत्र खत्म होने वाले बयान के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”अमेठी में मिली हार से उनके (राहुल गांधी) लिए आंसू बहाना स्वाभाविक है, आज देश विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था की ताकत बन चुका है उसका सम्मान करने के बजाए गांधी द्वारा अनर्गल बयान देना इस बात को दर्शाता है कि उन्हें इस बात का अंदेशा हो चुका है कि 2024 में पुन: उन्हें पराजय मिलेगी.” गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी संसदीय क्षेत्र में स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पराजित किया था. इसके पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में ईरानी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पराजित हो गयी थीं.

ईरानी ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने यहां (अमेठी) के लोगों के दर्द और पीड़ा को नहीं समझा और क्षेत्र के विकास के संबंध में नहीं सोचा, यहां तक कि गांव में रहने वाले लोगों को सम्मान के लायक भी नहीं समझा जबकि यहां के लोगों के वोट की ताकत से सत्ता के शिखर तक पहुंच गये.

केन्द्रीय मंत्री ने कहा,”मैं पिछले आठ सालों से अमेठी में हूं और देख रही हूं, मुझे कहीं भी ऐसा नहीं दिखा कि अमेठी में कोई भी एक व्यक्ति असंस्कारी मुझे मिला हो, अमेठी का हर व्यक्ति सभी का सम्मान करता है, सभी का आदर करता है और आज यही कारण है कि मुझे गर्व है अमेठी में मुझे दीदी के रूप में सम्मान मिला है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu