प्रयागराज/भोपाल/शिवपुरी. उमेश पाल हत्याकांड में नामजद माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को भारी सुरक्षा के बीच सोमवार शाम नैनी केंद्रीय जेल लाया गया. सोमवार दोपहर से ही नैनी जेल में पुलिस बल की भारी तैनाती थी और मीडिया र्किमयों का जमावड़ा लगा था. इसके अलावा नैनी जेल के मुख्य द्वार पर पुलिस बलों की तैनाती की गई थी और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगायी गई थी.
नैनी केंद्रीय जेल के एक उच्च अधिकारी ने बताया की अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है. उन्होंने बताया कि वहीं अतीक के बेटे अली को एक अलग बैरक में रखा गया है. पुलिस के आला अधिकारी सुबह से ही नैनी जेल में अतीक अहमद और अशरफ को किस बैरक में रखा जाए इस पर मंत्रणा कर रहे हैं.
प्रयागराज के पुलिस आयुक्त रमित शर्मा के मुताबिक 17 साल पुराने अपहरण के एक मामले में आरोपियों को 28 मार्च को अदालत में पेश किया जाना है. शर्मा के मुताबिक अदालत के आदेश के तहत माफिया अतीक अहमद को प्रयागराज लाया गया है. प्रयागराज पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम रविवार शाम अतीक अहमद को गुजरात के साबरमती जेल से लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी. वहीं पुलिस की एक दूसरी टीम अशरफ को बरेली जेल से प्रयागराज के केंद्रीय जेल नैनी के लिए लेकर रवाना हुई.
उल्लेखनीय है कि गत 24 फरवरी को राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सुरक्षार्किमयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना के अगले दिन उमेश पाल की पत्नी की तहरीर पर अतीक अहमद, भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन और कई अन्य लोगों के खिलाफ धूमनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
अतीक अहमद को प्रयागराज ले जाते समय मप्र के शिवपुरी में पुलिस की गाड़ी ने गाय को टक्कर मारी
माफिया से राजनेता बने अतीक अहमद को लेकर प्रयागराज ले जा रही उत्तर प्रदेश पुलिस के काफिले के एक वाहन ने सोमवार सुबह झांसी में प्रवेश करने से पहले मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक गाय को टक्कर मार दी. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
सुबह करीब छह बजकर 25 मिनट पर हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि सड़क की ओर बढ़ती एक गाय को अहमद को ले जा रहा वाहन टक्कर मार देता है, जिससे गाय सड़क डिवाइडर के पास गिर जाती है. घटना के बाद आगे की यात्रा शुरू करने से पहले पुलिस का वाहन वहां कुछ देर रुका रहा. एक पुलिस अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि की है. प्रत्यक्षर्दिशयों के मुताबिक गाय थोड़ी देर बाद उठकर चली गई. तेंदुआ थाना प्रभारी मनीष कुमार जादौन ने बताया कि गाय को टक्कर मारने वाले वाहन में अतीक अहमद सवार था.