नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं ने सोमवार को भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को लेकर विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया, हालांकि कांग्रेस की युवा इकाई ने अपने प्रमुख के भाषण का एक वीडियो जारी कर इस आरोप को खारिज किया और कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है. युवा कांग्रेस ने यह भी कहा कि श्रीनिवास के बयान का आधा-अधूरा वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रभारी अमित मालवीय ने श्रीनिवास के एक भाषण का एक वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, ‘‘यह महिला विरोधी व्यक्ति भारतीय युवा कांग्रेस का अध्यक्ष है. डार्लिंग बना कर बेडरूम मेंङ्घ एक महिला मंत्री को लेकर यह विमर्श का स्तर है. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने (स्मृति) अमेठी से राहुल गांधी को पराजित किया है. हताश कांग्रेस अप्रासंगिकता के मार्ग पर तेजी से अग्रसर है.’’
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने यह भी वीडियो साझा किया और सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेतृत्व श्रीनिवास के खिलाफ कार्रवाई करेगा? युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास ने अपने इस भाषण का 29 सेकेंड का एक वीडियो जारी कर ट्वीट किया, ‘‘संघी नहीं सुधरेंगे. आधा अधूरा नहीं, पूरा बयान चलाओ. मैंने 2014 के पहले दिए जाने वाले आप लोगों के बयान को ही उद्धृत किया है जो 400 रुपये के सिलेंडर वाली ‘महंगाई’ आप लोगों को ‘डायन’ नजर आती थी, आज आप लोगों ने उसी ‘डायन’ महंगाई को 1100 रुपये एलपीजी सिलेंडर के रूप में ‘डार्लिंग’ बनाकर बैठाया हुआ है.’’
युवा कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस की ओर से रविवार को राजघाट पर आयोजित ‘संकल्प सत्याग्रह’ के दौरान श्रीनिवास द्वारा दिए गए भाषण के एक अंश को निकालकर भाजपा नेताओं ने इसे केंद्रीय मंत्री के खिलाफ टिप्पणी के रूप में प्रचारित किया, जबकि यह बयान महंगाई को 2014 से पहले भाजपा नेताओं द्वारा ‘डायन’ कहे जाने से संबंधित था. उसने कहा, ‘‘यह युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश है. हम इसकी ंिनदा करते हैं.’’ भाषा हक