युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास ने जो शब्द कहे वह राहुल के, संस्कार सोनिया के: ईरानी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Mar 2023 08:56 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी की एक कथित टिप्पणी को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेतृत्व पर हमला करते हए कहा कि उन्होंने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, वह राहुल गांधी के थे और उनके ‘संस्कार’ सोनिया गांधी के हैं.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता ने यह आरोप भी लगाया कि जब तक सोनिया और राहुल गांधी पार्टी में रहेंगे,‘पदोन्नति’ चाहने वाले कांग्रेस नेता उनके खिलाफ ‘इस प्रकार की टिप्पणियां’ करते रहेंगे. कांग्रेस की ओर से रविवार को राजघाट पर आयोजित ‘संकल्प सत्याग्रह’ के दौरान श्रीनिवास ने कथित टिप्पणी की थी. श्रीनिवास की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ईरानी ने कहा कि श्रीनिवास पहले कांग्रेस नेता नहीं हैं, जिन्होंने उनके खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की है.

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानती हूं कि उन्होंने क्या कहा है. उन्होंने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह राहुल गांधी के हैं और संस्कार सोनिया गांधी के. सिर्फ आवाज युवा कांग्रेस की है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब तक ये दोनों (सोनिया और राहुल) वहां है, पदोन्नति चाहने वाले कांग्रेस नेता मेरे खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी करते रहेंगे.’’ इससे पहले, भाजपा के कुछ नेताओं ने श्रीनिवास पर ईरानी को लेकर विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया था. हालांकि कांग्रेस की युवा इकाई ने अपने प्रमुख के भाषण का एक वीडियो जारी कर इस आरोप को खारिज किया और कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है.

युवा कांग्रेस ने यह भी कहा कि श्रीनिवास के बयान का आधा-अधूरा वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रभारी अमित मालवीय ने श्रीनिवास के एक भाषण का एक वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, ‘‘यह महिला विरोधी व्यक्ति भारतीय युवा कांग्रेस का अध्यक्ष है. डार्लिंग बना कर बेडरूम मेंङ्घ …..एक महिला मंत्री को लेकर यह विमर्श का स्तर है. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने (स्मृति) अमेठी से राहुल गांधी को पराजित किया है. हताश कांग्रेस अप्रासंगिकता के मार्ग पर तेजी से अग्रसर है.’’

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी यह वीडियो साझा किया और सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेतृत्व श्रीनिवास के खिलाफ कार्रवाई करेगा? युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास ने अपने इस भाषण का 29 सेकेंड का एक वीडियो जारी कर ट्वीट किया, ‘‘संघी नहीं सुधरेंगे. आधा अधूरा नहीं, पूरा बयान चलाओ. मैंने 2014 के पहले दिए जाने वाले आप लोगों के बयान को ही उद्धृत किया है जो 400 रुपये के सिलेंडर वाली ‘महंगाई’ आप लोगों को ‘डायन’ नजर आती थी, आज आप लोगों ने उसी ‘डायन’ महंगाई को 1100 रुपये एलपीजी सिलेंडर के रूप में ‘डार्लिंग’ बनाकर बैठाया हुआ है.’’

राहुल ने प्रधानमंत्री की छवि ‘बिगाड़ने’ की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं होंगे : भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राहुल गांधी पर फिर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता का अपनी ‘‘अभद्र’’ टिप्पणियों के लिए ओबीसी समुदाय से माफी मांगने से इनकार करना गांधी परिवार के राजनीतिक अहंकार का एक और उदाहरण है.
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि ‘‘बिगाड़ने’’ की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वे कामयाब नहीं होंगे क्योंकि देश की जनता प्रधानमंत्री के साथ है. राहुल को उनका आधिकारिक बंगला खाली करने का नोटिए दिए जाने पर कांग्रेस द्वारा सवाल उठाने पर ईरानी ने कहा कि यह उनकी संपत्ति नहीं बल्कि जनता की है.

महिला एवं बाल विकास मंत्री ईरानी ने कहा, ‘‘2019 में एक पत्रिका को दिए साक्षात्कार में गांधी ने खुद कहा था कि मोदी की सबसे बड़ी ताकत उनकी छवि है और वह उनकी छवि बिगाड़कर रहेंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी का राजनीतिक दिवालियापन खुलकर सामने आ गया है. उन्होंने संसद में मोदी को अपशब्द कहे और आरोप लगाये, लेकिन वह अपने ही बयान की सत्यता को साबित नहीं कर पाए.’’ भाजपा नेता ने कहा कि गांधी की राजनीतिक हताशा ही है कि वह अपना वादा पूरा नहीं कर पाए और इसीलिए वह मोदी के खिलाफ लगातार हमले कर रहे हैं.’’ ईरानी ने आरोप लगाया कि अपनी ‘‘राजनीतिक बौखलाहट’’ में राहुल गांधी का मोदी जी के प्रति ‘‘विष’’, देश के अपमान में परिर्वितत हो चुका है.

उन्होंने कहा, ‘‘इसका एक उदाहरण जो आपने देखा वह राहुल गांधी की इंग्लैंड यात्रा है.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का न तो लोकतंत्र से कोई सरोकार है और न ही अदालतों से. ईरानी ने कहा, ‘‘उनका लक्ष्य सिर्फ मोदी है. मोदी का लक्ष्य देश का विकास है.
गौरतलब है कि भाजपा ब्रिटेन में कांग्रेस नेता की टिप्पणियों को लेकर उनकी आलोचना कर रही है. इसमें उनकी ‘‘लोकतंत्र खतरे में है’’ टिप्पणी भी शामिल है.

ईरानी ने कहा, ‘‘राहुल गांधी, एक पत्रिका के संपादक को किया गया आपका वादा कि आप मोदी की छवि बिगाड़ देंगे, ऐसा वादा है जो कभी पूरा नहीं होगा क्योंकि नरेन्द्र मोदी की सबसे बड़ी ताकत भारत के लोग हैं.’’ आपराधिक मानहानि के एक मामले में राहुल को दोषी ठहराने तथा सजा सुनाए जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी हमारे देश में ओबीसी समुदाय से माफी मांगने की विनम्रता पैदा नहीं कर सके, जो गांधी परिवार के राजनीतिक अहंकार का एक और उदाहरण है.’’ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘देश ने गांधी के राजनीतिक अहंकार को तब देखा जब कांग्रेस के एक दलित नेता ने उनकी चप्पल उठायी.’’ बहरहाल, उन्होंने उस नेता का नाम नहीं लिया.

ईरानी ने कहा, ‘‘जब भाजपा ने गरीब आदिवासी परिवार की द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार के तौर पर रखा तो गांधी परिवार के संरक्षण में कांग्रेस नेतृत्व ने उन पर तीखे प्रहार किए.’’ उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है कि गांधी परिवार से ‘‘किसी ने’’ मोदी को ‘‘धमकी’’ दी है. उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम संप्रग के इतिहास को देखें तो गांधी परिवार ने यह सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास किया कि मोदी को विकास करने की उनकी नेतृत्व क्षमताओं के लिए दंडित किया जाए.’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लेकिन गांधी परिवार प्रधानमंत्री मोदी की ‘‘विकास की राजनीति’’ के प्रति लोगों के प्रेम को कम नहीं कर सका.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu