कांग्रेस को ओबीसी समुदाय से भी माफी मांगनी चाहिए : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Apr 2023 08:28 PM
कांग्रेस को ओबीसी समुदाय से भी माफी मांगनी चाहिए : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि कांग्रेस ने आखिरकार न्यायिक प्रणाली में अपना विश्वास दिखाया है और अब उसे पिछड़े वर्गों का ‘‘अपमान’’ करने के लिए उनसे माफी भी मांग लेनी चाहिए. उन्होंने मानहानि के मामले में राहुल गांधी द्वारा उनकी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील करने की खबरों के बाद यह टिप्पणी की है.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह स्वागत योग्य कदम है. देर से ही सही लेकिन कांग्रेस ने न्यायिक प्रणाली में विश्वास दिखाया है.’’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हाल तक काले कपड़े पहनकर अदालत द्वारा राहुल गांधी को दोषी ठहराए जाने का विरोध कर रहे थे. उन्होंने कहा कि हालांकि, यह सोचने वाली बात है कि कांग्रेस ने अपने ‘‘शीर्ष’’ नेता के लिए उच्च अदालत का रुख करने में इतने दिन का वक्त क्यों लिया जबकि कुछ अन्य मामलों में उसने कुछ ही घंटों के भीतर ऐसा किया है.

राहुल गांधी आपराधिक मानहानि के मामले में उनकी दोषसिद्धि के खिलाफ गुजरात में सूरत की एक अदालत के समक्ष सोमवार को अपील दाखिल करेंगे. सूत्रों ने रविवार को बताया कि आपराधिक मानहानि मामले में दो साल जेल की सजा देने के निचली अदालत के आदेश के खिलाफ याचिका दायर किए जाने के दौरान राहुल गांधी के सत्र न्यायालय में उपस्थित रहने की संभावना है.

पूनावाला ने राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान बिहार में कुछ स्थानों पर साम्प्रदायिक हिंसा के लिए राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा और उन पर ‘‘तुष्टीकरण’’ की नीति अपनाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया.
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शासन से हमेशा ‘‘जंगल राज’’ और ‘‘दंगा राज’’ आया है. उन्होंने कहा कि राजद से गठबंधन कर कुमार बेबस हो गए हैं. भाजपा प्रवक्ता ने इसी तरह की हिंसा के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भी आलोचना की और कहा कि उनकी सरकार ‘‘तानाशाही मानसिकता’’ वाली है.

भाजपा ने आबकारी नीति ‘घोटाले’ को लेकर केजरीवाल व मान पर हमला बोला

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के कथित आबकारी घोटाले में सिर्फ मनीष सिसोदिया ही नहीं बल्कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरंिवद केजरीवाल और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान भी शामिल हैं. आम आदमी पार्टी (आप) नेता सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज करने के दौरान दिल्ली की एक अदालत द्वारा की गई टिप्पणियों का हवाला देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि उन्होंने केजरीवाल और मान की “भ्रष्टाचार की डिग्रियों” का पर्दाफाश किया है.

‘आप’ के शीर्ष नेताओं पर भाजपा का ‘डिग्री’ कटाक्ष ऐसे वक्त आया है जब केजरीवाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर उनकी शैक्षिक योग्यता को लेकर जÞोरदार हमले बोल रहे हैं. अदालत की टिप्पणियों का हवाला देकर पूनावाला ने कहा कि यह साबित हो गया है कि रिश्वत दी गई थी. उन्होंने दावा किया कि अदालत ने जो कहा है कि वह उसकी टिप्पणियां नहीं हैं बल्कि निष्कर्ष हैं. भाजपा नेता ने दावा किया कि सिसोदिया संदिग्ध घोटाले के ‘‘ सूत्रधार’’ हैं.

पूनावाला ने अदालत के आदेश को पढ़ा जिसमें केंद्रीय अन्वेषण एजेंसी (सीबीआई) के दावे भी शामिल हैं. उन्होंने दावा किया कि इससे साफ होता है कि विवादित शराब नीति की ‘योजना’ केजरीवाल के स्तर पर बनाई गई थी. इस नीति को अब रद्द कर दिया गया है.
उन्होंने मान पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के आबकारी विभाग का इस्तेमाल शराब के एक थोक कारोबारी को अपना लाइसेंस छोड़ने के लिए मजबूर करने के लिए किया गया, क्योंकि उनके पंजाब में भी हित थे.

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया, ‘‘ यह घोटाला सिर्फ सिसोदिया के दरवाजÞे पर नहीं रुका है बल्कि इसमें केजरीवाल और मान तक शामिल हैं. इसने केजरीवाल और मान की भ्रष्टाचार की डिग्रियों का पर्दाफाश कर दिया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ अदालत के तीन निष्कर्ष हैं: प्रथम दृष्टया, सिसोदिया द्वारा 100 करोड़ की रिश्वत ली गई है. शराब घोटाला किसी एक व्यक्ति का नहीं है, बल्कि यह संस्थागत है. जांच में बाधा पहुंचाई जा रही है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu