गुजरात: नफरती भाषण पर दक्षिणपंथी महिला कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज, 50 हिरासत में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Apr 2023 09:01 PM
गुजरात: नफरती भाषण पर दक्षिणपंथी महिला कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज, 50 हिरासत में
ऑडियो सुनें

गिर सोमनाथ. गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के उना में पुलिस ने एक दक्षिणपंथी महिला कार्यकर्ता के खिलाफ उसके कथित नफरत भरे भाषण के लिए प्राथमिकी दर्ज की है और सांप्रदायिक झड़प के बाद दंगे के आरोप में 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है. झड़प में दो लोग घायल हो गए. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.

बृहस्पतिवार की रात रामनवमी के अवसर पर आयोजित ‘हिंदू सम्मेलन’ में काजल हिंदुस्तानी के अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाने वाले भाषण से तनाव के बीच शनिवार को उना के एक संवेदनशील इलाके में दो समूहों ने एक-दूसरे पर पथराव किया, जिसमें सांप्रदायिक झड़प हुई.

पुलिस ने बताया कि नफरत भरे भाषण के बाद उना में तनाव बढ़ गया. व्यापारियों द्वारा बाजार बंद रखने के बाद, पुलिस और स्थानीय नेताओं ने शनिवार को शांति समिति की बैठक बुलाई थी जिसमें दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया था. लेकिन, बैठक के कुछ घंटे बाद सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाके में झड़प हो गई.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीपाल शेषमा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने दो प्राथमिकी दर्ज की हैं. एक काजल हिंदुस्तानी के खिलाफ नफरती भाषण के लिए, दूसरी दंगा करने के लिए भीड़ के खिलाफ.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने 50 से 60 लोगों को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं. हम स्थानीय खुफिया जानकारी का इस्तेमाल कर रहे हैं और आगे की कार्रवाई के लिए हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रहे हैं.

आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.’’ एसपी ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस र्किमयों को तैनात किया गया है, जिनमें से कुछ गश्त कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में अब तक राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) की दो टीम को उना में तैनात किया गया है.’’ पुलिस ने उना में रात के दौरान तलाशी अभियान चलाया और कुछ घरों से तलवारें, छड़ें और ऐसी अन्य वस्तुएं बरामद कीं.

इस बीच, राज्य के वडोदरा शहर में पुलिस ने शनिवार रात दक्षिणपंथी कार्यकर्ता रोहन शाह और कुछ अन्य लोगों को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान नफरती भाषण देने के आरोप में गिरफ्तार किया. उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153 (ए) (धर्म, नस्ल, जन्म स्थान, निवास के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 34 (समान मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया. रोहन विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का स्थानीय नेता है.

वडोदरा पुलिस ने कहा कि सांप्रदायिक रंजिश फैलाने के इरादे से फेसबुक पर एक संपादित वीडियो पोस्ट करने के आरोप में मोहम्मद वोरा को भी गिरफ्तार किया गया है. वडोदरा में रामनवमी की दो शोभायात्रा पर पथराव के बाद दो समुदायों के लोग आपस में भिड़ गए. घटना के संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और कुछ लोगों को गिरफ्तार किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu