भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Apr 2023 07:30 PM
भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के मौके पर देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. इस मौके पर पार्टी अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में मोदी के पुर्निनर्वाचन के लिए अपने अभियान को भी आगे बढ़ाएगी. भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के दोपहर 12 बजे राष्ट्रीय राजधानी से चुनाव अभियान शुरू करने के बाद पार्टी सदस्य 10.72 लाख से अधिक स्थानों पर दीवारों पर ‘एक बार फिर से मोदी सरकार’ और ‘एक बार फिर से भाजपा सरकार’ के नारे लिखेंगे.
चुघ ने बताया कि पार्टी छह अप्रैल को अपने स्थापना दिवस से 14 अप्रैल को बाबासाहेब डॉक्टर भीम राव आंबेडकर की जयंती तक सामाजिक न्याय सप्ताह मनाएगी और इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के फायदों को उजागर करने के लिए बूथ, ब्लॉक और जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे.

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी ने अपने स्थापना दिवस अर्थात छह अप्रैल से 14 अप्रैल तक एक विशेष सप्ताह मनाने का निर्णय लिया है. कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा द्वारा की जाएगी. छह अप्रैल को सुबह 9.45 बजे सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुनेंगे.’’ गरीबों और देश के विकास के लिए भाजपा सरकार की ओर से किए गए कार्यों के लिए मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन का देश भर में 10 लाख से अधिक स्थानों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा.

चुघ ने कहा कि पार्टी नौ अप्रैल को समाज सुधारक ज्योतिबा फुले और 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित करेगी. छह अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई थी. 1984 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जहां मात्र दो सीट ही जीती थीं, वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में उसने 303 सीट पर जीत दर्ज की थी. इस बार यह भाजपा का 43वां स्थापना दिवस होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu