कन्नड़ फिल्म अभिनेता सुदीप ने बोम्मई का किया समर्थन, कर्नाटक चुनाव में करेंगे प्रचार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Apr 2023 08:12 PM
कन्नड़ फिल्म अभिनेता सुदीप ने बोम्मई का किया समर्थन, कर्नाटक चुनाव में करेंगे प्रचार
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. किच्चा सुदीप के नाम से लोकप्रिय, कन्नड़ सिनेमा के अभिनेता सुदीप संजीव ने चुनावी राज्य कर्नाटक में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का समर्थन करने की बुधवार को घोषणा की, जिससे 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को प्रचार अभियान के लिए ‘स्टार पॉवर’ मिल गया है.

बोम्मई ने कहा कि उन्हें सुदीप के समर्थन का मतलब है कि अभिनेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए प्रचार करेंगे. राज्य में सुदीप के भारी संख्या में प्रशंसक हैं. वह कन्नड़ सिनेमा के सर्वाधिक मेहनताना पाने वाले अभिनेताओं में भी शुमार हैं. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह राजनीति में नहीं आ रहे हैं, ना ही चुनाव लड़ रहे हैं. अभिनेता ने यह संकेत भी दिया कि उन्होंने किसी पार्टी का समर्थन नहीं किया है.

सुदीप (49) ने बोम्मई से अपने विशेष जुड़ाव और उनके प्रति सम्मान का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘बोम्मई मामा मेरे मुश्किल समय में मेरे साथ खड़े रहे थे और उनके परिवार के साथ एक बहुत करीबी जुड़ाव रखते हैं.’’ अभिनेता ने बोम्मई को अपने समर्थन की घोषणा करते हुए यह कहा. सुदीप शिवमोग्गा जिले और वाल्मीकि नायक समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. यह समुदाय राज्य में अनुसूचित जनजाति श्रेणी में सबसे बड़ी जनजाति है.

उन्होंने कहा, ‘‘वह उन कुछ लोगों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे जिनका वह(बोम्मई) समर्थन करना चाहते हैं. वह (बोम्मई) जो कुछ चाहते हैं उसे मैं करूंगा. मैं राजनीति में नहीं आ रहा.’’ संवाददाता सम्मेलन में उनके साथ बैठे बोम्मई ने कहा कि उन्होंने सुदीप से कहा था कि हालांकि वह भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं, लेकिन उनका चुनाव प्रचार करना जरूरी है.

उन्होंने कहा ‘‘ सुदीप ने यह घोषणा की है कि वह मेरा समर्थन करेंगे, जिसका मतलब है कि वह भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे. सुदीप किसी पार्टी से जुड़े हुए नहीं हैं. वह मेरा और मेरी पार्टी का समर्थन करने आये हैं.’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदीप के समर्थन ने भाजपा के प्रचार अभियान को बड़ी मजबूती दी है.

इससे पहले, अपने आवास के बाहर संवाददाताओं से बात करते हुए अभिनेता ने कहा था, ‘‘यदि आपको लगता है कि मैं एक पार्टी के पक्ष में हूं तो मैंने ऐसा कुछ नहीं किया है.’’ सुदीप ने कन्नड़ सिनेमा के अलावा हिंदी, तेलुगू और तमिल फिल्म में भी काम किया है. सुदीप को ‘स्वाति मुथु’, ‘केम्पे गौड़ा’, ‘ऐगा’ और ‘पलिवन’ जैसी फिल्म में अभिनय के लिए जाना जाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu