‘‘पीठ में छुरा घोंपने वाले’’ बाला साहेब की विरासत आगे नहीं बढ़ा सकते:सिब्बल ने शिंदे पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Apr 2023 08:49 PM
‘‘पीठ में छुरा घोंपने वाले’’ बाला साहेब की विरासत आगे नहीं बढ़ा सकते:सिब्बल ने शिंदे पर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राज्यसभा के सदस्य कपिल सिब्बल ने सोमवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अयोध्या यात्रा के बाद उन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘साजिशकर्ता, अवसरवादी और पीठ में छुरा घोंपने वाले’’ बाला साहेब ठाकरे की विरासत को आगे नहीं बढ़ा सकते. शिवसेना नेता शिंदे ने पिछले साल जून में महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनने के बाद रविवार को पहली बार अयोध्या की यात्रा की. उनके साथ हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं भी थे.

सिब्बल ने ट्वीट किया, ‘‘ शिंदे का अयोध्या दौरा. भगवान राम ने त्याग, सत्य और न्याय का मार्ग चुना. बालासाहेब ने भी उन्हीं सिद्धांतों को आत्मसात किया.’’ पूर्व केंद्रीय मंत्री सिब्बल ने शिंदे पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘ साजिशकर्ता, अवसरवादी, पीठ में छुरा घोंपने वाले बालासाहेब की विरासत को आगे नहीं बढ़ा सकते.’’ शिंदे ने रविवार को कहा था कि उनकी पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा एक ही है और दोनों दल अगले साल पूरे राज्य में भगवा झंडा फहराएंगे.

शिंदे ने अयोध्या में संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ‘‘ हमारी पार्टी की भूमिका बिल्कुल स्पष्ट है. शिवसेना का भाजपा के साथ गठबंधन है. हमारी विचारधारा, जो हिंदुत्व है, समान है. हम अयोध्या से ऊर्जा लेकर जाएंगे और लोगों की सेवा करेंगे. 2024 में शिवसेना-भाजपा का भगवा पूरे महाराष्ट्र में लहराएगा. ’’ लोकसभा चुनाव के साथ-साथ महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव भी अगले साल होने हैं. उद्धव ठाकरे के खिलाफ शिंदे के तख्तापलट ने पिछले साल शिवसेना को दो गुट में बांट दिया था और ठाकरे नीत महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार गिर गई थी. शिंदे नीत शिवसेना गुट ने महाराष्ट्र में भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना ली थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu