देश के विकास को रोकने के मंसूबे वाली ताकतें ‘आप’ के खिलाफ : केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Apr 2023 08:41 PM
देश के विकास को रोकने के मंसूबे वाली ताकतें ‘आप’ के खिलाफ : केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरंिवद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि देश के विकास को बाधित करने का मंसूबा रखने वाली सभी ‘‘राष्ट्र-विरोधी ताकतें’’ उनकी पार्टी के खिलाफ हैं. केजरीवाल ने 10 वर्ष की छोटी अवधि में ‘आप’ को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने ‘‘चमत्कारिक और अविश्व’’ बताते हुए कहा कि इस दर्जे के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी मिली है.

उन्होंने भारत को विश्व का नंबर एक देश बनाने के लिए लोगों से ‘आप’ में शामिल होने की अपील की. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पार्टी मुख्यालय में एक संबोधन में कहा, ‘‘ देश के विकास को बाधित करने के मंसूबों वाली सभी राष्ट्र-विरोधी ताकतें ‘आप’ के खिलाफ है, लेकिन भगवान हमारे साथ है.’’ उन्होंने कहा कि ‘आप’ की विचारधारा तीन स्तंभों.. कट्टर ईमानदारी, कट्टर देशभक्ति और मानवता पर आधारित है. पार्टी का मकसद भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाना है.

पार्टी के स्वयंसेवकों को पार्टी की विचारधारा के तीन स्तंभों कट्टर ईमानदारी, कट्टर देशभक्ति और मानवता की याद दिलाते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘ मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं. भगवान चाहता है कि हम देश के लिए कुछ करें.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ ‘आप’ से करोड़ों लोगों की उम्मीद अब विश्वास में बदल गई है. लोगों ने हमें एक बड़ी जिम्मेदारी दी है और भगवान के आशीर्वाद से हम इसे ईमानदारी से पूरा करेंगे.’’ उन्होंने पार्टी का समर्थन करने और उसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने में सहयोग व समर्थन करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया.

केजरीवाल ने इस मौके पर जेल में बंद उनकी सरकार के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को भी याद किया. उन्होंने कहा कि ‘आप’ के स्वयंसेवक जरूरत पड़ने पर जेल जाने को तैयार हैं और जिनको जेल जाने से डर लगता है वे पार्टी छोड़ सकते हैं. केजरीवाल ने कहा, ‘‘ यह मेरा सौभाग्य होगा अगर मेरे खून का कतरा-कतरा देश के काम आए.’’ देश की राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाने का श्रेय ‘आप’ की सफलता को देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने दूसरों को ईमानदारी से चुनाव जीतने का तरीका दिखाया है.

उन्होंने कहा कि देश में 1,300 राजनीतिक दल हैं, जिनमें से केवल छह को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त है और सिर्फ तीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और अब ‘आप’ की एक से अधिक राज्यों में सरकारें हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘आप’ ने अन्य राजनीतिक दलों को मुफ्त बिजली देने का वादा करने के लिए मजबूर किया है.

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ उन्होंने मुफ्त बिजली देने का वादा करना शुरू कर दिया है, हालांकि वे ऐसा (वादा पूरा) नहीं कर रहे हैं. हम उन्हें भी ऐसा करने को मजबूर करेंगे.’’ उन्होंने ‘आप’ को देश में सकारात्मक राजनीति करने का श्रेय दिया और कहा कि केवल ईमानदारी से ही एक सफल सरकार चलाई जा सकती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu