संबलपुर/भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार ने हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़कने के बाद संबलपुर जिले में बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दीं. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. हिंसा के मामले में अभी तक 43 लोगों को हिरासत में लिया गया है. हिंसा में एक महिला कर्मी सहित कम से कम 10 पुलिस कर्मी घायल हो गए थे. हालांकि पुलिस ने हिंसा में हताहत हुए नागरिकों की जानकारी नहीं दी. अधिकारियों ने बताया कि संभावित हिंसा को रोकने लिए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में ‘फ्लैग मार्च’ निकाला.
गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डी. के. सिंह ने संबलपुर में इंटरनेट पर रोक के संबंध में एक अधिसूचना जारी की. अधिसूचना के अनुसार, ‘‘ स्थिति गंभीर है और संबलपुर जिले में सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए उपद्रवी सोशल मीडिया के जरिए झूठे और भड़काऊ संदेश प्रसारित कर रहे हैं.’’
प्रशासन ने संबलपुर शहर के छह थाना क्षेत्रों टाउन, धनुपाली, खेतराजपुर, ऐंथापाली, बरेईपाली और सदर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में अपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है. सिंह ने कहा कि ‘‘भड़काऊ और उकसावे वाले उन संदेशों’’ के प्रसार को रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं, जिनसे ‘‘सांप्रदायिक भावनाएं भड़क सकती हैं.’’ अधिसूचना के अनुसार, ‘‘ सोशल मीडिया मंच व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि तक पहुंच नहीं होगी. सभी एमएसपी व आईएसपी और ब्रॉडबैंड डायल अप सिस्टम की इंटरनेट/डाटा सेवाएं निलंबित रहेंगी.’’
संबलपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) बी. गंगाधर ने बताया कि 43 लोगों को हिरासत में लिया गया है और 26 लोगों पर अब तक भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इलाके में पुलिस बल की 30 टुकड़ियों को तैनात किया गया है.
हिंसा में किसी तरह की साजिश होने के सवाल पर गंगाधर ने कहा, ‘‘ हमें लगता है कि यह एक छिटपुट घटना है. जांच की जा रही है. स्थिति अब नियंत्रण में है.’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुछ लोगों के पास से पेट्रोल बम भी बरामद किए हैं. संबलपुर शहर में ज्यादातर स्थानों पर लोगों की आवाजाही न होने की वजह से सन्नाटा पसरा है और अधिकतर दुकानें बंद हैं.
गंगाधर ने बताया कि शुक्रवार को प्रस्तावित हनुमान जन्मोत्सव समारोह और शोभायात्रा की अनुमति दी जाए या नहीं, इस पर विचार के लिए जल्द ही एक बैठक बुलाई जाएगी. इस साल शुक्रवार को महा विसुबा संक्रांति है. महा विसुबा संक्रांति के दिन ओडिशा में हनुमान जयंती मनाई जाती है.
ओडिशा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से चरमरा गई है: प्रधान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हनुमान जयंती के मौके पर निकाली गई रैली के दौरान संबलपुर में हुई हिंसा को लेकर बृहस्पतिवार को ओडिशा सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति ‘पूरी तरह से चरमरा गई’ है. संबलपुर में बुधवार को हुई हिंसा को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ घटना करार देते हुए प्रधान ने कहा कि उन्हें दुख है कि पुलिसर्किमयों को निशाना बनाया गया और दस पुलिसकर्मी घायल हो गये.
सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की प्रवक्ता श्रीमयी मिश्रा ने प्रधान से ओडिशा में कानून व्यवस्था की स्थिति का राजनीतिकरण नहीं करने का आग्रह किया. केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिस अधिकारी भी घायल हो गईं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा कि हिंसा में पुलिसर्किमयों का घायल होना राज्य में ‘कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने’ का स्पष्ट मामला है.
प्रधान ने कहा कि राज्य सरकार संबलपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है, जहां लंबे समय से हनुमान जयंती समारोह आयोजित किया जाता रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस के अलावा, कई गरीब और निर्दोष लोगों पर भी हमला किया गया और जिसमें वे घायल हो गये. उन्होंने कहा कि प्रशासन को संबलपुर में शांति बहाल करने की हर संभव कोशिश करनी चाहिए.
प्रधान ने राज्य सरकार पर ‘‘अक्षम’’ होने का आरोप लगाते हुए उसकी निंदा की. उन्होंने कहा, ‘’हिंसा में पुलिसर्किमयों के घायल होने के बाद ओडिशा सरकार की अक्षमता उजागर हो गई है.’’ उन्होंने संबलपुर के लोगों से इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की.
इस बीच बीजद प्रवक्ता मिश्रा ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाये रखने और शांति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं. मिश्रा ने कहा, ‘‘ऐसी संवेदनशील स्थिति में केन्द्र सरकार में एक जिम्मेदार मंत्री होने के नाते मैं आपसे कानून-व्यवस्था का राजनीतिकरण करने के बजाय शांति बनाए रखने की अपील करता हूं. ओडिशा के लोग शांतिप्रिय लोग हैं और ओडिशा एक शांतिपूर्ण राज्य है.’’