गोलीबारी की घटना के 12 घंटे बाद, बठिंडा सैन्य अड्डे पर एक सैनिक की गोली लगने से मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Apr 2023 07:56 PM
गोलीबारी की घटना के 12 घंटे बाद, बठिंडा सैन्य अड्डे पर एक सैनिक की गोली लगने से मौत
ऑडियो सुनें

बठिंडा/नयी दिल्ली. पंजाब में बठिंडा सैन्य अड्डे पर बुधवार को हुई गोलीबारी की घटना के 12 घंटे बाद एक अन्य सैनिक की गोली लगने से मौत हो गई. सेना के अनुसार, बुधवार की दोपहर को हुई जवान की मौत का सैन्य अड्डे पर सुबह हुई गोलीबारी से कोई संबंध नहीं है.

सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘बठिंडा सैन्य अड्डे में 12 अप्रैल को शाम करीब साढ़े चार बजे गोली लगने से एक सिपाही की मौत हो गई. सिपाही बतौर संतरी तैनात था, उसके पास अपना र्सिवस हथियार भी था.’’ बयान के मुताबिक, ‘‘सिपाही के पास से उसकी ही रायफल की गोली का खोखा व कारतूस का डिब्बा बरामद हुआ है.’’ सेना के अनुसार, उसके सिर में गोली लगी थी. सैनिक को तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया. वह 11 अप्रैल को ही छुट्टी से लौटा था.

सेना ने कहा, ‘‘यह कथित तौर पर आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है.’’ एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटनावश गोली चलने का मामला भी हो सकता है. मामले की विस्तृत जांच की जाएगी. सेना ने कहा, ‘‘बठिंडा सैन्य अड्डे पर बुधवार को तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई गोलीबारी से इसका कोई संबंध नहीं है.’’ बठिंडा कैंट के स्टेशन हाउस आॅफिसर (एसएचओ) गुरदीप सिंह ने बताया कि उन्हें बुधवार शाम जवान की मौत के बारे में सूचना मिली. सिंह ने कहा, ‘‘हमें सेना ने घटना की सूचना दी और मामला दर्ज कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया यह दुर्घटनावश गोलीबारी का मामला प्रतीत होता है.’’ पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान लघु राज शंकर के तौर पर हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu