“केजरीवाल को समन”: CBI, ED जैसी एजेंसियां तथ्यों के आधार पर काम करती हैं – संबित पात्रा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Apr 2023 07:22 PM
“केजरीवाल को समन”: CBI, ED जैसी एजेंसियां तथ्यों के आधार पर काम करती हैं – संबित पात्रा
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने रविवार को कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी जांच एजेंसियां भावनाओं के आधार पर नहीं बल्कि तथ्यों के आधार पर काम करती हैं. पात्रा रविवार को आबकारी नीति घोटाला मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल को सीबीआई के समन पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे.

उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत में लोकतंत्र की अच्छी बात यह है कि इस देश में किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि वह कानून से ऊपर है या कानून से बच सकता है. पात्रा ने कहा कि जांच एजेंसी यह पता लगाना चाहती है कि ‘‘दिल्ली शराब घोटाले का सरगना कौन है? क्या मनीष सिसोदिया ने अकेले यह आबकारी नीति बनाई है या कोई और भी इसमें शामिल है?’’

पात्रा ने संवाददाता सम्मेलन केजरीवाल से कुछ सवाल भी किए. उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली शराब नीति आपके निर्देश पर आपके आवास पर मंत्रिमंडल द्वारा पारित की गई थी और आपने बार-बार दावा किया है कि इस आबकारी नीति से दिल्ली के खजाने को भारी लाभ होगा, लेकिन इसके बजाय 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ तथा आपको आबकारी नीति को वापस लेना पड़ा.’’ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने पूछा, ‘‘किस कारण से आपको उस नीति को वापस लेना पड़ा, जिसके बारे में आपने दावा किया था कि इससे राज्य को लाभ होगा? क्या आपके आवास पर दिल्ली आबकारी नीति बनाई गई थी और क्या सचिव ने आपके यहां नीति से संबंधित दस्तावेज सौंपे थे?’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu