
अमृतसर/चंडीगढ़. फरार अलगाववादी नेता अमृतपाल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर को आव्रजन अधिकारियों ने यहां श्री गुरु राम दास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोक दिया. वह लंदन के लिए उड़ान भरने के वास्ते वहां पहुंची थी. सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आव्रजन और अन्य विभागों के अधिकारियों ने किरणदीप से तीन घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की और कौर को वापस लौटने को कहा. कौर को विदाई देने के लिए उसके कुछ रिश्तेदार भी हवाई अड्डे पर आए थे.
सिंह ने ब्रिटेन की रहने वाली किरणदीप से इस साल 10 फरवरी को शादी की थी. ब्रिटिश नागरिक कौर लंदन जाने वाली उड़ान पकड़ने के लिए दोपहर करीब 12 बजे हवाई अड्डा पहुंची. लेकिन आव्रजन अधिकारियों ने कौर को रोक दिया और बाद में पंजाब पुलिस को सूचित किया. खबरों के मुताबिक, कौर को हवाई अड्डे पर रोक दिया गया क्योंकि उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है.
पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने भी इस घटना के बारे में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. सिंह और उसके सहयोगियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के एक महीने से अधिक समय बाद भी अलगाववादी नेता फरार है, जबकि उसे पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ने 18 मार्च को सिंह और उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की थी.
सिंह और उसके सहयोगियों पर विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने, हत्या के प्रयास, पुलिस र्किमयों पर हमले और लोक सेवकों के काम में बाधा डालने से संबंधित कई आपराधिक मामलों में प्रकरण दर्ज किया गया है. सिंह ने अमृतसर में अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में 10 फरवरी को कौर से शादी की थी. अमृतसर में बाबा बकाला के एक गुरुद्वारे में दोनों पक्षों के परिवारों के सदस्यों की मौजूदगी में ‘आनंद कारज’ (सिख रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह) किया गया.
सिंह ने कहा था कि विवाह समारोह सादा होना चाहिए और उसने लोगों से भव्य शादियों में पैसे उड़ाकर ‘‘दिखावा’’ न करने का आग्रह किया था. अलगाववादी नेता ने कहा था कि उसकी शादी विदेश जाने वालों के लिए उदाहरण बनेगी और उसकी पत्नी पंजाब में आकर रहेगी.
एक महीना बीत गया, सीसीटीवी फुटेज के अलावा कहीं नजर नहीं आया अमृतपाल
कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह अपने एक गिरफ्तार सहयोगी की रिहाई के लिए अजनाला पुलिस थाने पर उसके समर्थकों द्वारा धावा बोलने के बाद पंजाब पुलिस की तरफ से की गई कार्रवाई के एक महीने बाद भी फरार है. उसकी पत्नी किरणदीप कौर को बृहस्पतिवार को अमृतसर हवाईअड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने उस समय रोक लिया जब वह लंदन जाने वाली एक उड़ान में सवार होने की कोशिश कर रही थी. अमृतपाल ने इसी साल फरवरी में ब्रिटेन में रहने वाली कौर से शादी की थी. अमृतपाल और उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई 18 मार्च से शुरू हुई थी.
वह हालांकि दो बार पुलिस के शिकंजे से बच गया – पहली बार 18 मार्च को जालंधर जिले में वाहनों को बदलकर और फिर 28 मार्च को होशियारपुर में जब वह अपने प्रमुख सहयोगी पपलप्रीत सिंह के साथ पंजाब लौटा. अमृतपाल के सलाहकार माने जाने वाले और कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में रहे पपलप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया है.
कथित तौर पर वैमनस्य फैलाने, हत्या के प्रयास, पुलिस र्किमयों पर हमले और लोक सेवकों द्वारा कर्तव्य के वैध निर्वहन में बाधा डालने के लिए खालिस्तान समर्थक और उसके सहयोगियों के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं. पटियाला, कुरुक्षेत्र और दिल्ली सहित कई जगहों पर कई सीसीटीवी फुटेज में बदले हुए रूप में नजर आने के बावजूद, कट्टरपंथी उपदेशक पुलिस की गिरफ्त में अब तक नहीं आ पाया है.
फरार रहने के दौरान अमृतपाल के दो वीडियो और एक आॅडियो क्लिप सोशल मीडिया पर आए. 30 मार्च को सामने आए अपने दो वीडियो में से एक में अमृतपाल ने जोर देकर कहा कि वह भगोड़ा नहीं है और जल्द ही पेश होगा. खालिस्तान समर्थक उपदेशक ने दावा किया था कि वह उन लोगों की तरह नहीं है जो देश छोड़कर भाग जाएंगे.
ऐसी अफवाहें थीं कि अमृतपाल बंिठडा के तलवंडी साबो में तख्त दमदमा साहिब में बैसाखी पर आत्मसमर्पण कर सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों की तलाश जारी रखी और हाल में हरियाणा के सिरसा में भी छापेमारी की थी. इससे पहले राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी तलाशी ली गई थी.



