जम्मू कश्मीर के पुंछ में आतंकी हमले में पांच जवान बलिदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 20 Apr 2023 09:41 PM
जम्मू कश्मीर के पुंछ में आतंकी हमले में पांच जवान बलिदान
ऑडियो सुनें

जम्मू/नयी दिल्ली. जम्मू कश्मीर के पुंछ में बृहस्पतिवार को एक आतंकी हमले के बाद सेना के वाहन में आग लगने से पांच जवानों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. सेना ने एक बयान में कहा है कि सभी पांचों जवान राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के थे और इलाके में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए तैनात किए गए थे.

थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने इस घटना के बारे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जानकारी दी है. सेना ने कहा कि जिस वाहन में जवान यात्रा कर रहे थे, वह अज्ञात आतंकवादियों के हमले की चपेट में आ गया और ग्रेनेड के संभावित इस्तेमाल के कारण उसमें आग लग गई.

सेना ने बयान में कहा, ‘‘अपराह्न तीन बजे के करीब राजौरी सेक्टर में भीम्बर गली और पुंछ के बीच सेना के एक वाहन पर भारी बारिश और कम दृश्यता का फायदा उठाते हुए आतंकवादियों ने गोलीबारी की.’’ बयान में कहा गया, ‘‘आतंकवादियों द्वारा संभवत: ग्रेनेड फेंके जाने के कारण वाहन में आग लग गई.’’

बयान में कहा गया कि इस क्षेत्र में आतंकवाद रोधी अभियानों के लिए तैनात राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के पांच कर्मियों की इस घटना में मौत हो गई. सेना ने कहा कि एक अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत राजौरी के सेना अस्पताल ले जाया गया. सेना ने कहा कि आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है. पहले के बयान में सेना ने कहा था कि सेना के एक वाहन में आग लगने से जवानों की मौत हो गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu