खारघर पुरस्कार हादसा: पोस्टमार्टम में लू लगने की वजह से मौत की पुष्टि

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 21 Apr 2023 12:48 PM
खारघर पुरस्कार हादसा: पोस्टमार्टम में लू लगने की वजह से मौत की पुष्टि
ऑडियो सुनें

ठाणे: महाराष्ट्र के खारघर में एक पुरस्कार समारोह के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके लू की चपेट में आने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। नवी मुंबई में रविवार को आयोजित ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह के दौरान लू लगने से कम से कम से 14 लोगों की मौत हो गई थी।

एक चिकित्सकीय अधिकारी ने कहा, ‘‘ पनवेल के उप-जिला अस्पताल में जान गंवाने वाले 14 लोगों में से 12 का पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट में उनके लू की चपेट में आने से मौत की पुष्टि हुई है।’’ उप-जिला अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि अन्य दो लोगों का पोस्टमार्टम अन्य अस्पतालों में किया गया है।

उन्होंने बताया कि जान गंवानों वालों में से दो के पहले से किसी अन्य बीमारी से पीड़ित होने की भी बात सामने आई है।
अधिकारियों ने पहले बताया था कि जान गंवाने वाले 14 लोगों में से 10 महिलाएं और चार पुरुष हैं। घटना के दिन रविवार रात तक 11 लोगों की मौत हुई थी। दो अन्य लोगों की मौत सोमवार को, जबकि एक महिला की मौत कार्यक्रम के दो दिन बाद हुई।

रायगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. सुहास माने ने बताया कि 14 मृतकों में से 12 की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पनवेल उप-जिला अस्पताल के पास है। अस्पताल के चिकित्सकीय अधीक्षक डॉ. मधुकर पांचाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है।

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खारघर क्षेत्र में रविवार को खुले मैदान में आयोजित कार्यक्रम में करीब सात लाख लोग पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक नेता एवं समाज सुधारक अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार दिया था।
विपक्षी दलों के नेताओं ने घटना को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ ंिशदे सरकार पर निशाना साधा और उस पर कुप्रबंधन का आरोप लगाया।

महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार ने भीषण गर्मी के बावजूद समारोह दोपहर के समय आयोजित किए जाने की जांच की मांग की है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को सरकार पर हताहतों की वास्तविक संख्या छिपाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि इस घटना में 50 से 75 लोगों की मौत हुई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav