प्रधानमंत्री मोदी ने रोजगार मेले में सौंपे 71 हजार नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 16 May 2023 01:02 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने रोजगार मेले में सौंपे 71 हजार नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को ‘रोजगार मेले’ के तहत करीब 71 हजार नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है जिससे भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद खत्म हुआ है. ये नियुक्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के साथ-साथ राज्य सरकारों व केंद्र शासित प्रदेशों में भी हुई हैं. उन्होंने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्रीय विकास में उनकी भागीदारी को मजबूत करने का हमारा प्रयास है. ‘रोजगार मेला’ देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित किया गया था.

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने इन नवनियुक्त कर्मियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित भी किया और उन्हें सरकारी नौकरी मिलने पर बधाई दी. उन्होंने कहा, ‘आज 70 हजार से अधिक युवाओं को भारत सरकार के विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिल रहा है. आप सभी ने कड़ी मेहनत से ये सफलता हासिल की है. मैं आपको और आपके परिवार को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं.’

उन्होंने कहा, ‘पिछले नौ वर्षों में भारत सरकार ने सरकारी भर्ती प्रक्रिया को ज्यादा तेज करने, ज्यादा पारदर्शी और निपष्क्ष बनाने को भी प्राथमिकता दी है. आज आवेदन करने से लेकर नतीजे आने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो गई है.’ पीएम मोदी ने कहा कि आज दस्तावेजों को स्व-सत्यापित (सेल्फ अटेस्ट) करना भी पर्याप्त होता है और ‘ग्रुप सी’ और ‘ग्रुप डी’ के पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार भी खत्म हो गए हैं. उन्होंने कहा, ‘इन सारे प्रयासों से भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद खत्म हुआ है.’

नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिस स्पीड और स्केल पर आज भारत काम कर रहा है यह भी आजादी के 75 साल के इतिहास में अभूतपूर्व है. उन्होंने कहा, ‘9 साल पहले आज के ही दिन 16 मई को लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे. तब पूरा देश उत्साह, उमंग और विश्वास से झूम उठा था. सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के साथ कदम बढ़ाने वाला भारत, आज विकसित भारत बनने के लिए प्रयास कर रहा है.’

पीएम मोदी ने कहा, ‘बीते 9 वर्षों में गरीबों के लिए जो 4 करोड़ पक्के घर बनाए गए हैं. उन्होंने भी रोजगार के अनेक नए अवसर बनाए हैं. गांव-गांव में खुले 5 लाख कॉमन सर्विस सेंटर आज रोजगार का बड़ा माध्यम बने हैं. युवाओं को ग्रामीण स्तर का आंत्रप्रेन्योर बना रहे हैं.’ उन्होंने कहा, ‘बीते 9 वर्षों में नौकरी की प्रकृति भी बहुत तेजी से बदली है. बदलती हुई इन परिस्थितियों में युवाओं के लिए नए सेक्टर्स उभर कर आए हैं. केंद्र सरकार इन नए सेक्टर्स को भी निरंतर सपोर्ट कर रही है. इन 9 वर्षों में देश ने स्टार्टअप कल्चर की नई क्रांति देखी है.’

देशभर से चुने गए ये नए कर्मी भारत सरकार के तहत विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं देंगे. ये नई भर्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों व मंत्रालयों के साथ ही राज्य सरकारों व केंद्र शासित प्रदेशों में ग्रामीण डाक सेवक, डाक निरीक्षक, वाणिज्यिक-सह-टिकट क्लर्क, जूनियर क्लर्क-सह-टाइपिस्ट, जूनियर लेखा क्लर्क, ट्रैक मेंटेनर, सहायक अनुभाग अधिकारी, लोअर डिवीजन क्लर्क, सब डिवीजनल ऑफिसर, कर सहायक, सहायक प्रवर्तन अधिकारी, निरीक्षक, नर्सिंग अधिकारी, सहायक सुरक्षा अधिकारी, फायरमैन, सहायक लेखा अधिकारी, संभागीय लेखाकार, लेखा परीक्षक, कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सहायक कमांडेंट, प्रधानाचार्य, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक, सहायक रजिस्ट्रार, सहायक प्रोफेसर आदि पदों पर हुई हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav