एसआईयू ने पाकिस्तान से सक्रिय पांच ‘आतंकवादियों’ के घरों पर मारे छापे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 May 2023 08:18 PM
एसआईयू ने पाकिस्तान से सक्रिय पांच ‘आतंकवादियों’ के घरों पर मारे छापे
ऑडियो सुनें

किश्तवाड़/जम्मू. जम्मू कश्मीर पुलिस की विशेष जांच इकाई ने सीमा पार से आतंकवाद को वित्त पोषण तथा समर्थन देने के एक मामले में किश्तवाड़ जिले में पांच आतंकवादियों के घरों में बुधवार को छापे मारे. एक वरिष्ठ आधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ये आतंकवादी पाकिस्तान से घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और क्षेत्र में आतंकवाद को फिर से भड़काने की कोशिश कर रहे हैं.

किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील पोसवाल ने बताया,‘‘गैर कानूनी गतिविधि (निरोधक)अधिनियम के तहत मामले में जम्मू की एनआईए की अदालत से तलाशी वारंट मिलने के बाद पांच आतंकवादियों के मकानों पर छापे मारे गए. ये लोग वर्तमान में पाकिस्तान अथवा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.’’ उन्होंने बताया कि एसआईयू की पांच टीम तथा पुलिस ने मिल कर छापे मारे. अधिकारी ने कहा कि छापे में मिले सुबूतों का इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों तथा आतंकवाद की घटनाओं में उनकी भूमिकाओं के लिए उन्हें अभ्यारोपित करने में किया जाएगा.

एसआईयू ने चिरूल पड्यारना के शाहनवाज उर्फ नईम, जामिया मस्जिद के नईम अहमद उर्फ आमिर उर्फ गाजी, किचलू मार्केट के मोहम्मद इकबाल उर्फ बिलाल, हुल्लार किश्तवाड़ के शाहनवाज उर्फ मुन्ना उर्फ उमर और कुंडली पोचाल के जावेद हुसैन गिरि उर्फ मुजामिल के घरों पर छापे मारे.

गौरतलब है कि जम्मू में एनआईए की अदालत ने 26 अप्रैल को किश्तवाड़ के 23 आतंकवादियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था. ये आतंकवादी सीमा पार से गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं. इससे पहले 13 आतंकवादियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था. पोसवाल ने कहा,‘‘ किश्तवाड़ से 36 लोग आतंकवाद की राह पर चलते हुए पाकिस्तान चले गए थे. उनके खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई थीं.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu